
Prime Minister Narendra Modi
UP Assembly Elections 2022 : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के चुनाव प्रचार कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) आज सोमवार को पहली फिजिकल रैली करेंगे। पीएम मोदी बिजनौर (Bijnor) वर्धमान कॉलेज में तय कार्यक्रम के अनुसार, कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी के कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बताया जा रहा है कि 11.20 बजे पीएम मोदी वर्धमान डिग्री कॉलेज में पहुंचेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। सुरक्षा व्यवस्था की बात करें तो एसपीजी काफी दिनों से बिजनौर में डेरा डाले हुई है। पुलिस के आला अधिकारी और जिले के प्रशासनिक अधिकारी पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में लगे हुए हैं। अन्य एजेंसियों को भी पीएम की सुरक्षा के लिए लगाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिजनौर जिले के वर्धमान डिग्री कॉलेज में बिजनौर जिले की आठ विधानसभा के प्रत्याशियों के साथ लिए रैली करने के लिए पहुंचेंगे। इस रैली में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हजारों की संख्या में जनता को संबोधित करने के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। अमरोहा-मुरादाबाद में एलईडी के माध्यम से इस वर्चुअल रैली का प्रसारण किया जाएगा। इस बार यूपी चुनाव में यह पहली बार है, जब पीएम मोदी फिजिकल रूप से रैली करने बिजनौर पहुंच रहे हैं। इस रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह 9 बजे से लोगों का रैली में पहुंचना शुरू हो गया है।
यूपी पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स ने संभाला मोर्चा
सुरक्षा की बात करें तो एसपीजी यहां काफी दिनों से डेरा डाले हुई है। साथ ही 9 एसीपी की टीम को भी सुरक्षा में लगाया गया है। 4 आईपीएस रैंक के भी अधिकारी इस चुनावी रैली में अपनी नजर बनाए हुए हैं। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरी रैली पर नजर रखी जा रही है। भारी संख्या में यूपी पुलिस के जवानों के साथ पैरामिलिट्री फोर्स को सुरक्षा में लगाया गया है।
जमीन से आसमान तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बिजनौर एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि पीएम मोदी की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभा स्थल पर सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन कैमरों की व्यवस्था की गई है। जमीन से लेकर आसमान तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है।
Published on:
7 Feb 2022, 10:03 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.