यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के तीसरे चरण में 16 जिलों की 59 सीटों के लिए शुक्रवार शाम छह बजे प्रचार थम गया। इस चरण के लिए वोटिंग 20 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। 627 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 2.16 करोड़ मतदाता करेंगे। इस चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, इटावा, मैनपुरी, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, औरय्या, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा में वोटिंग होगी। जहां सपा के लिए अपने गढ़ को दोबारा पाने वहीं भाजपा के लिए अपना पिछला रिकार्ड दोहराने की चुनौती है। कांग्रेस-बसपा को अपनी जमीन तलाशना है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि तीसरे चरण का चुनाव प्रचार शुक्रवार शाम थम जाएगा। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की सुविधा और कोविड से सुरक्षा की विशेष व्यवस्था कराई गई है। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर समुचित एवं आवश्यक व्यवस्थाएं कराने के निर्देश दिए गए हैं।