राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्रियों के चयन में भाजपा की नजर सोशल इंजीनियरिंग पर भी है। माना जा रहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव में विरोधी दल जातीय जनगणना, ओबीसी और अन्य वंचित समूहों को अपना मुद्दा बना सकते हैं, इसलिए भाजपा ने अपने फैसलों में अभी से उसका काट खोजना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्रियों के चयन में भी भाजपा का आधार माने जाने वाले सामान्य वर्ग के साथ-साथ पार्टी दलित, आदिवासी और पिछड़े चेहरों को आगे कर संदेश देने का प्रयास कर सकती है। तीनों राज्य में जिस तरह भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा है, उससे पता चलता है कि पार्टी को सभी जातियों का वोट मिला है। इसीलिए भाजपा मुख्यमंत्रियों के चयन में 'सोशल इंजीनियरिंग का गुलदस्ता' पेश कर सकती है। मध्य प्रदेश में सोमवार को विधायक दल की बैठक होगी तो राजस्थान में रविवार को हो सकती है। अभी छत्तीसगढ़ में विधायक दल की बैठक की संभावित तिथि सामने नहीं आई है। राजस्थान में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जैसे बड़े कद के नेता को ऑब्जर्वर बनाने के मायने तलाशे जा रहे हैं। माना जा रहा है कि स्मूथ पॉवर ट्रांसफर कराने के लिए राजनाथ सिंह का कद मुफीद है।