
अब अनूप सोनी ने बताया कब कर सकते हैं शो में वापसी (सोर्स: X-@filmy_akhil02)
Crime Patrol New Host: अनूप सोनी लंबे समय तक 'क्राइम पेट्रोल' का चेहरा रहे हैं। 2018 में शो से अलग होने के बाद अब एक्टर ने एक बार फिर इस क्राइम शो में लौटने की संभावना पर बात की है। खास बात यह है कि मौजूदा सीजन में अजय देवगन शो को होस्ट कर रहे हैं। अनूप ने अपनी वापसी को लेकर कहा है कि किसी आने वाले सीजन में वह फिर शो का हिस्सा बन सकते हैं।
'क्राइम पेट्रोल' में वापसी को लेकर अनूप सोनी ने वैरायटी इंडिया से बातचीत में कहा, “क्राइम पेट्रोल के कई सीजन हैं। मुझे यकीन है कि एक सीजन ऐसा होगा जब मैं वापस आऊंगा।”
हालांकि, अनूप ने यह साफ नहीं किया कि वह मौजूदा सीजन में नजर आएंगे या नहीं। इसलिए फिलहाल उनकी बात को आने वाले किसी सीजन में वापसी की संभावना के तौर पर ही देखा जा रहा है। अजय देवगन इस समय शो के नए सीजन 'क्राइम पेट्रोल-क्राइम का करंट सीजन' को होस्ट कर रहे हैं। यह सीजन 31 अगस्त 2026 से शुरू हुआ है और सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के साथ सोनीलिव पर प्रसारित हो रहा है।
अनूप सोनी ने बातचीत में अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स 'Shauqe' और 'TheVvaan ' के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि दोनों फिल्मों में उनके किरदार और लुक एक-दूसरे से काफी अलग हैं।
एक्टर के मुताबिक, दोनों प्रोजेक्ट्स का एक ही दिन रिलीज होना उनके लिए खास है। उन्होंने कहा कि दोनों में उनका लुक अलग है और किरदार भी पूरी तरह अलग हैं। एक एक्टर के लिए एक ही दिन दो प्रोजेक्ट्स का रिलीज होना काफी एक्साइटिंग अनुभव है।
क्राइम थ्रिलर जॉनर की लोकप्रियता पर बात करते हुए अनूप ने कहा कि इस तरह की कहानियों की ऑडियंस दुनियाभर में है, लेकिन सिर्फ क्राइम का विषय होना काफी नहीं है। कहानी और उसकी प्रस्तुति मजबूत होनी चाहिए।
'शैक' की कहानी एक ऐसी मां के इर्द-गिर्द है, जो अपनी बेटी की तलाश कर रही है। इसी फिल्म के संदर्भ में अनूप ने कहा कि क्राइम थ्रिलर दुनियाभर में सफल जॉनर है, लेकिन अगर कहानी रूटीन हो तो दर्शक उसे स्वीकार नहीं करेंगे।
अनूप सोनी करीब आठ साल तक 'क्राइम पेट्रोल' से जुड़े रहे और शो की पहचान का अहम हिस्सा बन गए थे। 2018 में उन्होंने शो छोड़ने का फैसला किया था। उस वक्त उन्होंने कहा था कि वह अपने एक्टिंग करियर पर ज्यादा ध्यान देना चाहते हैं।
'स्पॉटबॉयई' को दिए इंटरव्यू में अनूप ने बताया था कि 'क्राइम पेट्रोल' में लगातार काम करने की वजह से उन्हें एक्टिंग के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा था। उन्होंने कहा था कि वह एक एक्टर हैं और अब अलग-अलग किरदारों के साथ प्रयोग करना चाहते हैं। आठ साल में उन्होंने शो के 1600 से ज्यादा एपिसोड किए थे। अनूप ने उस समय यह भी कहा था कि शो उनके लिए हमेशा खास रहेगा, क्योंकि 'क्राइम पेट्रोल' ने उन्हें एक अलग पहचान दी। हालांकि, बार-बार एक ही तरह का काम करने के बजाय वह अपने अंदर के एक्टर को ज्यादा मौके देना चाहते थे।
Updated on:
23 Sept 2026 06:35 pm
Published on:
23 Sept 2026 06:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
