
रजनीकांत की ‘जेलर 2’ में नोरा फतेही का डांस नंबर रिलीज (सोर्स: Instagram-simply.mollywood)
Jailer 2 Song: साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म ‘जेलर 2’ का नया गाना ‘बिंदास’ रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। नोरा फतेही के डांस और अनिरुद्ध रविचंदर के म्यूजिक से सजे इस गाने को लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां कुछ लोग नोरा के डांस की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कई यूजर्स एक ही फिल्म में दूसरा डांस नंबर रखने को लेकर मेकर्स पर सवाल उठा रहे हैं।
फिल्म के प्रोड्यूसर सन पिक्चर्स ने बुधवार शाम ‘बिंदास’ गाना रिलीज किया। करीब 4 मिनट के इस गाने को अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया है। इसे अनिरुद्ध और दीप्ति सुरेश ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल सुपर सुबू ने लिखे हैं। गाने में तमिल और हिंदी दोनों भाषाओं का इस्तेमाल किया गया है।
वीडियो में नोरा फतेही गोल्डन आउटफिट में नजर आ रही हैं। फ्रिंज वाले इस आउटफिट में वह स्टेज पर कई डांसर्स के साथ परफॉर्म करती दिखती हैं। हालांकि, वीडियो में रजनीकांत नजर नहीं आते। ऐसे में यह साफ नहीं है कि वो फिल्म के फाइनल वर्जन में इस गाने का हिस्सा होंगे या नहीं।‘बिंदास’ फिल्म का चौथा गाना है और ‘जेलर 2’ का दूसरा डांस नंबर बताया जा रहा है। इससे पहले शमना कासिम, जिन्हें पूर्णा के नाम से भी जाना जाता है, ‘अला बोलेलो’ गाने में नजर आई थीं।
‘बिंदास’ रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई यूजर्स ने फिल्म में एक और डांस नंबर शामिल करने के फैसले पर सवाल उठाए। कुछ लोगों ने इसे तमिल सिनेमा में गानों के बदलते ट्रेंड से जोड़कर देखा, जबकि कुछ ने महिला कलाकारों को इस तरह पेश किए जाने पर आपत्ति जताई।
एक यूजर ने तमिल सिनेमा की मौजूदा स्थिति पर नाराजगी जताते हुए लिखा कि मेकर्स को इस तरह के गानों पर निर्भर रहने के बजाय फिल्म की कहानी और अभिनय पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, एक दूसरे यूजर ने रजनीकांत और नोरा फतेही के एक ही डांस फ्लोर पर होने को लेकर टिप्पणी की। एक अन्य यूजर ने सवाल किया कि फिल्म में दूसरा आइटम सॉन्ग रखने की जरूरत क्या थी और क्या मेकर्स को सुपरस्टार रजनीकांत पर भरोसा नहीं है? कुछ लोगों ने यह भी कहा कि एक ही फिल्म में दो डांस नंबर होने से कॉलीवुड सिनेमा की दिशा पर सवाल खड़े होते हैं।
जहां कई यूजर्स ने गाने की आलोचना की, वहीं कुछ लोग नोरा फतेही के डांस से प्रभावित भी नजर आए। एक यूजर ने ‘बिंदास’ की तुलना ‘कावाला’ और ‘मोनिका’ जैसे गानों से करते हुए इसे बेहतर बताया। इस तरह गाने को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। जहां एक तरफ इसके डांस और म्यूजिक की तारीफ हुई, वहीं दूसरी तरफ फिल्म में एक और डांस नंबर शामिल करने के फैसले पर सवाल उठाए गए।
‘जेलर 2’ साल 2023 में रिलीज हुई रजनीकांत की हिट फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रजनीकांत के साथ राम्या कृष्णन, योगी बाबू, मिर्ना और ऋत्विक अपने पुराने किरदारों में लौटेंगे।
फिल्म की कास्ट में एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, सूरज वेंजारामूडू, अन्ना राजन और जतिन सरना भी शामिल हैं। पहली फिल्म की तरह मोहनलाल और शिवा राजकुमार के कैमियो करने की भी उम्मीद है। फिल्म की रिलीज डेट 15 अक्टूबर बताई गई है। हालांकि, रिलीज से पहले ‘बिंदास’ गाने को लेकर शुरू हुई चर्चा ने फिल्म को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।
Updated on:
30 Sept 2026 07:15 pm
Published on:
30 Sept 2026 06:38 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
