
पाकिस्तानी टिकटॉकर आयशा गिलानी का निधन (Photo Source- Twitter/@shoaibsafi00 )
Pakistani TikToker Ayesha Gilani Death: पाकिस्तान से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया और इंटरनेट यूजर्स को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक पर 'शम्सू बीबी' के नाम से फेमस 28 साल की आयशा गिलानी की दिनदहाड़े कार पर हमला हुआ जिससे उनकी जान चली गई और उनकी 15 साल की बहन गंभीर रुप से घायल बताई जा रही है।
आयशा गिलानी पर जो हमला हुआ उसे 14 अगस्त को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद से ही परिवार पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। परिवार की तरफ से जो शिकायत दर्ज की गई हैं उसमें बताया गया है कि आयशा को एक व्यक्ति का फोन आया था। आरोप है कि उसने उन्हें तुरंत घर से बाहर आने को कहा। इसके बाद आयशा अपनी 15 साल की बहन असीमा और भाई नईमतुल्लाह के साथ कार से चली गई। कुछ ही समय बाद परिवार को गोलीबारी की जानकारी मिली।
आयाशा गिलानी के भाई ईमतुल्लाह के मुताबिक, हमलावरों की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच थी। हमलावरों ने अचानक गाड़ी पर हमला कर दिया और एक गोली सीधे आयशा की गर्दन में जा लगी, जिससे कार में ही उन्होंने दम तोड़ दिया, इस कारण गाड़ी भी नियंत्रण खो बैठी और दूसरी कार से टकरा गई। इस हादसे में आयशा की 15 साल की बहन असीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। आयशा के पिता फजल साहिबजादा ने अस्पताल पहुंचकर अपनी बेटी के शव की पहचान की है।
आयशा के पिता ने पुलिस शिकायत में बताया है कि उनकी बेटी का कुछ लोगों के साथ पैसों का विवाद चल रहा था। आरोप है कि पैसे वापस मांगने को लेकर आयशा को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं, जिसकी शिकायत उन्होंने पहले भी इस्लामाबाद पुलिस में दर्ज कराई थी।
घटना के बाद पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध मोटरसाइकिल से भागते हुए नजर आए हैं। पुलिस अब फुटेज और परिवार की शिकायत के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
आयशा गिलानी पाकिस्तान की चर्चित टिकटॉकर थीं। उनका असली नाम शम्सू बीबी बताया गया है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टिकटॉक पर उनके करीब 1.3 मिलियन यानी 13 लाख फॉलोअर्स थे। उनके वीडियोज को लोग बेहद पसंद करते थे और वह इंटरनेट पर काफी एक्टिव थीं। ऐसे में उनके जाने से उनके फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।
Updated on:
17 Aug 2026 11:51 am
Published on:
17 Aug 2026 11:50 am
