
रामायण में राजा दशरथ बने अरुण गोविल (सोर्स: IMDb)
Ramayana Part 1: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म के टीजर और गाने के बाद अब मेकर्स ने अरुण गोविल का राजा दशरथ के किरदार में पहला कैरेक्टर पोस्टर जारी किया है। हालांकि, पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई नेटिजन्स अरुण गोविल के लुक से प्रभावित नजर नहीं आए और पोस्टर की दाढ़ी, लाइटिंग और चेहरे के लुक पर सवाल उठाए।
फिल्म के ऑफिशियल एक्स अकाउंट से अरुण गोविल का कैरेक्टर पोस्टर शेयर किया गया। पोस्टर के साथ लिखा गया, "उन्होंने एक बार राम को एक पीढ़ी के लिए जिंदा किया था। अब, वह अयोध्या के राजा के रूप में रामायण की दुनिया में लौट रहे हैं। अरुण गोविल राजा दशरथ के रूप में।"
अरुण गोविल के लिए ये किरदार इसलिए भी खास है क्योंकि वह 1987 में प्रसारित हुई मशहूर टीवी सीरीज ‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुए थे। अब नितेश तिवारी की फिल्म में वह भगवान राम के पिता राजा दशरथ के किरदार में नजर आएंगे।
पोस्टर जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने अरुण गोविल के लुक को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। एक यूजर ने उनकी दाढ़ी को नकली बताते हुए लिखा कि यह लुक अच्छा नहीं लग रहा। इसी कमेंट में यूजर ने ट्रेलर में अरुण गोविल के लुक को फिल्म का कमजोर पक्ष भी बताया और राम, रावण, जटायु और परशुराम के पोस्टर का इंतजार करने की बात कही।
एक अन्य यूजर ने पोस्टर की लाइटिंग पर सवाल उठाते हुए इसे खराब बताया। वहीं, एक और नेटिजन ने अरुण गोविल के सिर और शरीर के लुक को लेकर टिप्पणी की। यूजर के मुताबिक, पोस्टर में उनका सिर शरीर से अलग-सा दिखाई दे रहा है और लुक नेचुरल नहीं लग रहा। इस तरह सोशल मीडिया पर कुछ दर्शकों ने पोस्टर की आलोचना की है, जबकि फिल्म को लेकर उत्सुकता अब भी बनी हुई है।
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ दो हिस्सों में रिलीज की जाएगी। फिल्म का पहला पार्ट इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में आने वाला है, जबकि दूसरा पार्ट अगले साल दिवाली पर रिलीज होगा।
हालांकि, मेकर्स ने अभी तक ‘रामायण पार्ट 1’ की सटीक रिलीज डेट आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं की है। पिंकविला की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म 5 नवंबर को रिलीज हो सकती है और 4 नवंबर को पेड प्रीव्यू रखे जा सकते हैं। ये तारीख फिलहाल रिपोर्ट के आधार पर है, आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
Updated on:
07 Oct 2026 04:12 pm
Published on:
07 Oct 2026 03:26 pm
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
