
कैप्टन स्मित मच्छार के मुरीद हुए शाहरुख खान (सोर्स: x-@IndianMalta/IMDb)
Shah Rukh Khan Instagram: दुबई-तेल अवीव की फ्लाइट में हुए खौफनाक कॉकपिट हादसे के बाद भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की दुनियाभर में तारीफ हो रही है। बॉलीवुड सितारे भी सोशल मीडिया पर पायलट के साहस को सलाम कर रहे हैं। शाहरुख खान ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ करते हुए उनके जल्द ठीक होने की दुआ की है।
30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कॉकपिट के अंदर कैप्टन स्मित मच्छार और उनके को-पायलट के बीच हिंसक घटना हुई। खबरों के मुताबिक, को-पायलट ने कैप्टन पर हमला किया, जिसके बाद विमान तेजी से नीचे की ओर जाने लगा। विमान में कुल 174 लोग सवार थे।
शाहरुख खान ने कैप्टन स्मित मच्छार के साहस की तारीफ करते हुए लिखा कि वह उस वक्त मजबूती से खड़े रहे, जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। उन्होंने कहा कि मुश्किल हालात का सामना करना और अपनी सुरक्षा को दांव पर लगाना आसान नहीं था, लेकिन कैप्टन ने विमान में मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए ऐसा किया।
शाहरुख ने कैप्टन को हिम्मत और फर्ज का सच्चा उदाहरण बताते हुए उनके जल्द ठीक होने की कामना की। उन्होंने यह भी कहा कि देश को उन पर गर्व है।
घटना के दौरान विमान तेजी से नीचे की ओर जा रहा था। घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद क्रू मेंबर और यात्री कॉकपिट में पहुंचे और हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान को सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ा गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग हुई। बता दें, बाद में अस्पताल से वीडियो कॉल के जरिए कैप्टन स्मित ने पीएम नरेंद्र मोदी से भी बात की और घटना के दौरान अपने अनुभव के बारे में बताया। मोदी ने उनके साहस और सूझबूझ की तारीफ की।
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पर बॉलीवुड के कई सितारों ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। सलमान खान ने उन्हें सलाम करते हुए लिखा, “कमाल कर दिया पायलट जी, हम सब आपको सलाम करते हैं, आपके साथ उड़ना खुशी की बात होगी। वेल डन ब्रो।” तो वहीं विक्की कौशल ने कॉकपिट में कैप्टन स्मित की तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें “ब्रेवहार्ट” कहा। सनी देओल ने उनके साहस और सूझबूझ की तारीफ की, जबकि तमन्ना भाटिया ने लिखा कि घायल होने के बावजूद वह उन 174 लोगों के बारे में सोच रहे थे, जिनकी जिम्मेदारी उन पर थी।
इसके अलावा रणवीर सिंह, अनिल कपूर, आर. माधवन, परेश रावल, शिल्पा शेट्टी और जैकी श्रॉफ समेत कई सितारों ने भी कैप्टन स्मित के जल्द ठीक होने की कामना की है। कैप्टन स्मित मच्छार का इलाज फिलहाल जारी है। इस घटना की जांच भी चल रही है और को-पायलट के हमले के पीछे की वजहों को लेकर अभी जांच एजेंसियां जानकारी जुटा रही हैं।
Updated on:
03 Oct 2026 03:16 pm
Published on:
03 Oct 2026 02:43 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
