
फर्जी 2 में शाहिद कपूर संग रोमांस करेंगी युक्ति थरेजा (Photo Source- Instagram/realyukti)
Shahid Kapoor New actress Yukti Thareja in Farzi 2: ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो की सबसे चर्चित और सफल क्राइम-थ्रिलर सीरीज 'फर्जी' (Farzi) के फैंस के लिए एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है। शोमेकर्स राज निदिमोरू और कृष्णा डीके (Raj & DK) 'फर्जी 2' के साथ वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वैरायटी इंडिया (Variety India) की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सीक्वल में शाहिद कपूर (Shahid Kapoor) के साथ मुख्य अभिनेत्री के तौर पर युक्ति थरेजा (Yukti Thareja) को कास्ट किया गया है। युक्ति इमरान हाशमी के साथ काम कर चुकी हैं।
साल 2023 में आई 'फर्जी' के पहले सीजन में राशि खन्ना (Raashii Khanna) ने मेघा का किरदार निभाया था, जो नकली नोट रैकेट का पर्दाफाश करने के दौरान सनी (शाहिद कपूर) से जुड़ती हैं। लेकिन दूसरे सीजन में कहानी एक नया मोड़ ले रही है और युक्ति थरेजा सनी के नए 'लव इंटरेस्ट' के रूप में नजर आएंगी।
इस खबर की पुष्टि करते हुए युक्ति थरेजा ने वैरायटी इंडिया को बताया, "मैं 'फर्जी सीजन 2' में मुख्य महिला किरदार (Central Female Protagonist) निभा रही हूं। इस सीजन में मेरे सभी सीन शाहिद कपूर के साथ हैं। मेरा कैरेक्टर एक बेहद निडर Gen-Z लड़की का है जो सिस्टम के खिलाफ आवाज उठाती है। यह एक बेहद मजबूत और लेयर्ड रोल है। मैंने अपने हिस्से की लगभग 80% शूटिंग पूरी कर ली है और केवल 20% काम बाकी है।"
युक्ति थरेजा ओटीटी और म्यूजिक वीडियो की दुनिया का जाना-माना चेहरा हैं। उन्हें जुबिन नौटियाल के मशहूर म्यूजिक वीडियो 'लुट गए' (Lut Gaye) से देश भर में पहचान मिली थी, जिसमें वह इमरान हाशमी के साथ नजर आई थीं और इस गाने ने यूट्यूब पर 1.5 बिलियन से अधिक व्यूज हासिल किए हैं। इसके अलावा युक्ति वेब सीरीज 'है जुनून!', 'दिल्ली क्राइम सीजन 3' और मलयालम एक्शन फिल्म 'मार्को' (Marco) में भी अपनी दमदार एक्टिंग का जलवा बिखेर चुकी हैं।
'फर्जी 2' में साउथ के सुपरस्टार विजय सेतुपति (Vijay Sethupathi) एक बार फिर गुस्से से लाल स्पेशल टास्क फोर्स ऑफिसर माइकल वेदनायगम के अपने पॉपुलर रोल में लौट रहे हैं।
पहले सीजन के क्लाइमैक्स में सनी और उसका सबसे अच्छा दोस्त फिरोज (भुवन अरोड़ा) पुलिस ऑफिसर माइकल और क्राइम किंगपिन मंसूर दलाल (के के मेनन) से बचकर भाग निकले थे। सीजन 2 की कहानी वहीं से आगे बढ़ेगी, जहां सनी और फिरोज अपने आसपास बढ़ते जानलेवा खतरों से निपटते हुए अपने फर्जी नोटों के काले कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैलाने की कोशिश करेंगे।
Updated on:
03 Oct 2026 01:20 pm
Published on:
03 Oct 2026 01:06 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
