
विजय देवरकोंडा ने बताया ‘लाइगर’ की शूटिंग कितना मुश्किल था (सोर्स: IMDb)
Vijay Deverakonda Interview: विजय देवरकोंडा इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘राणाबली’ की तैयारी में जुटे हैं, जिसमें उनकी पत्नी रश्मिका मंदाना भी लीड रोल में नजर आएंगी। इस बीच एक्टर ने अपनी 2022 में रिलीज हुई फिल्म ‘लाइगर’ के लिए किए गए जबरदस्त फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। MMA फाइटर का किरदार निभाने के लिए विजय ने ऐसा डिहाइड्रेशन रूटीन फॉलो किया था, जिसे उन्होंने खुद ‘हेल्दी नहीं’ बताया।
सुधीर श्रीनिवासन के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान विजय ने बताया कि ‘लाइगर’ में बेहद श्रेडेड लुक पाने के लिए उनकी टीम धीरे-धीरे पानी की मात्रा कम करती गई। उन्होंने कहा कि शुरुआत में वह रोज करीब 4 से 6 लीटर पानी पीते थे, लेकिन बाद में इसे घटाकर 300 ML और फिर करीब 100 ML तक कर दिया गया था।
विजय ने बताया कि शूट से पहले के आखिरी 10 घंटों में उन्हें बिल्कुल भी पानी नहीं पीने दिया जाता था। उस दौरान वह सिर्फ आइस क्यूब चाटा करते थे। एक्टर के मुताबिक, बॉडीबिल्डर्स भी कई बार शूट या कॉम्पिटिशन से पहले इस तरह की प्रक्रिया अपनाते हैं।
विजय ने याद किया कि जब उनका पानी का इनटेक सिर्फ 300 ML प्रतिदिन तक रह गया था, तब उनके लिए यह बेहद मुश्किल हो गया था। वह शूटिंग खत्म होने का इंतजार करते रहते थे ताकि पानी पी सकें।
एक्टर ने बताया कि एक बार उन्हें पता था कि चार घंटे की शूटिंग के बाद वह पानी पी पाएंगे। उन्होंने अपनी टीम से पहले ही कह दिया था कि शूट खत्म होते ही उनके लिए नारियल पानी और करीब 4 लीटर पानी तैयार रखा जाए। विजय के मुताबिक, उस वक्त उन्हें खाने में कोई दिलचस्पी नहीं थी, उन्हें सिर्फ पानी चाहिए था। हालांकि, करीब ढाई घंटे की शूटिंग के बाद ही विजय ने टीम से शूट खत्म करने के लिए कह दिया। उन्होंने माना कि उस समय उनके लिए शूटिंग जारी रखना काफी मुश्किल हो गया था।
विजय देवरकोंडा ने यह भी स्वीकार किया कि फिल्म के लिए इतना कठिन फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन करने के बाद जब ‘लाइगर’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई, तो उन्हें दुख हुआ था।
2022 में रिलीज हुई ‘लाइगर’ में विजय देवरकोंडा ने MMA फाइटर की भूमिका निभाई थी। फिल्म में अनन्या पांडे भी लीड रोल में थीं और यह विजय की हिंदी फिल्मों में डेब्यू थी। हालांकि, फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। विजय ने साफ तौर पर कहा कि ‘लाइगर’ के लिए अपनाया गया यह डिहाइड्रेशन प्रोसेस न तो हेल्दी था और न ही आसान। उनके इस खुलासे ने फिल्म के लिए उनके फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन की मुश्किलों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
Updated on:
03 Oct 2026 06:42 pm
Published on:
03 Oct 2026 06:15 pm
बड़ी खबरें
View Allमनोरंजन
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
