
हिमेश रेशमिया की आवाज को लेकर सामने आईं ऐसी प्रतिक्रियाएं (सोर्स: X-@saumyatandon)
Jai Ambe Bol Song: आयुष्मान खुराना और शरवरी स्टारर फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ इन दिनों चर्चा में है। फिल्म के टीजर से पहले ही मेकर्स ने इसके दो गाने रिलीज कर दिए हैं। टाइटल ट्रैक के बाद अब आज मंगलवार को फिल्म का दूसरा गाना ‘जय अम्बे बोल’ रिलीज किया गया। गाने को लेकर सोशल मीडिया पर नेटिजन्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ लोगों ने इसे चार्टबस्टर बताया, तो कुछ ने हिमेश रेशमिया की आवाज को गाने के लिए सही नहीं माना।
‘जय अम्बे बोल’ को हिमेश रेशमिया ने कंपोज करने के साथ अपनी आवाज भी दी है, जबकि फीमेल वोकल्स श्रेया घोषाल ने दिए हैं। गाना नवरात्रि के माहौल को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
गाने के रिलीज होने के बाद एक यूजर ने इसकी कोरियोग्राफी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसमें ऑथेंटिसिटी की कमी है। इसी कमेंट में यूजर ने हिमेश की आवाज को लेकर भी लिखा कि ये कंपोजिशन पर फिट नहीं बैठती और इसके लिए आदित्य गड़वी जैसे किसी सिंगर की आवाज बेहतर होती। वहीं, एक अन्य इंस्टाग्राम यूजर ने हिमेश को टैग करते हुए लिखा कि उन्हें दूसरे सिंगर्स को भी मौका देना चाहिए, क्योंकि यह गाना उनकी आवाज में सूट नहीं करता।
जहां कुछ यूजर्स ने हिमेश की आवाज और गाने की कोरियोग्राफी पर सवाल उठाए, वहीं कई लोगों को ‘जय अम्बे बोल’ पसंद भी आया। एक नेटिजन ने कमेंट करते हुए हिमेश की तारीफ की और लिखा कि वह ‘राज करने’ वापस आ गए हैं और एक और चार्टबस्टर आने वाला है। इस तरह गाने को लेकर सोशल मीडिया पर दो तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। बता दें, गाने के वीडियो में आयुष्मान खुराना और शरवरी की केमिस्ट्री भी देखने को मिल रही है। नवरात्रि की थीम वाले इस ट्रैक में दोनों का लुक भी दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।
‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म के दो गाने रिलीज होने के बाद अब दर्शकों को इसके टीजर और ट्रेलर का इंतजार है। फिल्म का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है। उनकी फिल्मों की पहचान पारिवारिक मनोरंजन के लिए रही है, ऐसे में ‘ये प्रेम मोल लिया’ को लेकर भी दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है।
‘ये प्रेम मोल लिया’ बॉक्स ऑफिस पर अकेली रिलीज नहीं होगी। 27 नवंबर को ही इमरान हाशमी और जेनेलिया देशमुख स्टारर ‘गनमास्टर G9’ भी रिलीज होने वाली है। ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस क्लैश देखने को मिलेगा।
Updated on:
29 Sept 2026 03:43 pm
Published on:
29 Sept 2026 03:08 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
