
गांधी यात्रा के बहाने शिवपाल दिखायेंगे अपनी ताकत, बनाया ये प्लान
इटावा. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस 2 अक्टूबर के मौके पर गांधी यात्रा के बहाने समाजवादी सेक्युलर मोर्चा इटावा में अपनी भरपूर ताकत दिखाने में जुट गया है। समाजवादी सेक्युलर मोर्चा से जुड़े हुए समाजवादी पार्टी के सहयोगी संगठन मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के पूर्व अध्यक्ष फरहान शकील की अगुवाई में निकाली जा रही आठवीं गांधी यात्रा के बहाने अपने आप को बेहतर साबित करने में जुट गए हैं।
समाजवादी पार्टी की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
पिछले एक पखवाड़े से गांधी यात्रा में लोगों को भारी तादाद में जोड़ने के इरादे से खुद इसके आयोजक फरहान शकील अपनी टीम के साथ इटावा के विभिन्न इलाकों में भ्रमण करने में जुटे हुए हैं। वैसे तो यह यात्रा इससे पहले लगातार निकलती रही है लेकिन इस दफा इस यात्रा का महत्व इसलिए दिखाई दे रहा है क्योंकि अभी तक समाजवादी पार्टी की इस यात्रा पर छाप लगी हुई थी क्योंकि फरहान शकील उस समय तक समाजवादी पार्टी से ही जुड़े हुए थे लेकिन शिवपाल सिंह यादव के अलग होने के बाद फरहान शकील की नजदीकी शिवपाल सिंह यादव से नजदीकी हो गई और फरहान शकील शिवपाल सिंह यादव के नवगठित सेक्युलर मोर्चा में शामिल हो गए। चूंकि समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का इससे पहले कोई और बड़ा आयोजन होता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है। ऐसे में गांधी जयंती के मौके पर ही समाजवादी पार्टी को अपनी ताकत दिखाने के इरादे से समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के सभी पदाधिकारी इसमें जुट गए हैं।
आदित्य यादव होंगे मुख्य अतिथि
गांधी जयंती के इस कार्यक्रम के लिए समाजवादी सेकुलर मोर्चा के नेता शिवपाल सिंह यादव और उनके बेटे पीसीएफ अध्यक्ष आदित्य यादव को मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। यह यात्रा इटावा शहर के पचराहा से निकलती हुई इटावा के विभिन्न इलाकों में भ्रमण करके नुमाइश पर समाप्त होगी। इस यात्रा को ताकत देने के समाजवादी सेक्यूलर मोर्चा के विभिन्न पदाधिकारी जी जान से जुटे हुए दिख रहे हैं। वही दूसरी ओर शिवपाल सिंह यादव के निर्वाचन क्षेत्र जसवंतनगर के लोग इस यात्रा के लिए सबसे ज्यादा मेहनत और मशक्कत करने में जुटे हुए हैं क्योंकि उनको लगता है कि इस यात्रा में अगर वह भारी-भरकम जन समुदाय जुटा लेते हैं तो फिर समाजवादी पार्टी को एक बड़ी चुनौती देना आसान हो जाएगा और समाजवादी पार्टी के नेताओं को यह बताने में आसानी रहेगी की उनकी ताकत के मुकाबले समाजवादी सेक्यूलर मोर्चा की ताकत कहीं अधिक है।
इटावा पहुंचे शिवपाल
इस यात्रा को लोकप्रिय बनाने के लिए समाजवादी सेकुलर मोर्चा के पदाधिकारियों की ओर से इटावा के विभिन्न इलाकों में तमाम होर्डिंग, बैनर और पोस्टर लगा कर के रखे गए हैं। इस यात्रा मे शामिल होने के लिए शिवपाल सिंह यादव आज ही इटावा पहुंच गये हैं। शिवपाल सिंह यादव ने सैकड़ो की तादात में मुस्लिम समुदाय की महिलओं से इटावा के सिंचाई विभाग के प्रशासिनक भवन में मुलाकात करके गांधी यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रण अपनी तरफ से दे डाला। शिवपाल सिंह यादव ने उनकी तकलीकों को सुना और उसके बाद उनको दूर करने का भरोसा भी उनको दिया।
लगाई गई मुलायम सिंह यादव की फोटो
गांधी यात्रा के आयोजक फरहान शकील ने बताया कि उन्होंने इस यात्रा में भारी जन समुदाय को जोड़ने के लिए इरादे से पिछले एक महीने में कम से कम 96 छोटी बड़ी बैठकें की हैं ताकि बड़ी तादात में लोग आ सकें। उनका कहना है यह यात्रा पहले भी निकली है लेकिन इस दफा इस यात्रा के लिए खासी मेहनत और मशक्कत की गई ताकि इस यात्रा के जरिये अपनी ताकत दिखाई जा सके। इस यात्रा से संदर्भित लगाये गये पोस्टर, बैनरों से मुलायम सिंह यादव की तस्वीर के गायब होने को लेकर सवाल उठाना शुरू हुए तो मुलायम की तस्वीर को फिर से लगाया गया। देर रात होते-होते पहले से लगाए गए पोस्टरों के बीच में मुलायम सिंह यादव की तस्वीर को पेस्ट कर दिया गया। ना केवल मुलायम सिंह यादव की तस्वीर को लगाया गया बल्कि इस यात्रा के संयोजक फरहान शकील की फोटो को भी अलग से लगाया गया । जिसमें बाकायदा फरहान शकील को संयोजक के तौर पर दर्शाया गया जबकि पहले से स्थापित फोटो में कहीं पर भी फरहान शकील को संयोजक नहीं बताया गया था । ऐसा माना जा रहा है कि मुलायम सिंह यादव की तस्वीर का सवाल उठने के बाद में भौचक समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के नेताओं ने आनन-फानन में ऐसा कदम उठाया था कि उनकी फजीहत बच सके लेकिन जो होना था वह हो चुका था । समाजवादी सेक्युलर मोर्चे से जुड़े हुए जो पोस्टर एसएसपी चौराहे पर लगाए। उसमे से मुलायम सिंह यादव की फोटो गायब रखी गई लेकिन शिवपाल सिंह यादव, रधुराज सिंह शाक्य, मुलायम सिंह यादव के बेहद करीब समझे जाने वाले पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री रामसेवक यादव की फोटो का इस्तेमाल किया गया है लेकिन जब हंगामा हुआ तो मुलायम सिंह यादव की फोटो को इस्तेमाल किया गया ।
Updated on:
2 Oct 2018, 7:49 AM IST
Published on:
2 Oct 2018, 7:49 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.