नई दिल्ली। अमरीका और चीन के बीच शुक्रवार को आधिकारिक रूप से व्यापार युद्ध शुरू हो गया। ट्रंप प्रशासन ने चीन के 34 अरब डॉलर के सामान पर आयात शुल्क लगा दिया है, जबकि बीजिंग ने इसका मुंहतोड़ जवाब देने की बात कही है। अमरीकी मीडिया के मुताबिक, यह आयात शुल्क रात 12 बजे से प्रभावी हो गया। चीन के वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने शुल्क के प्रभावी होने के चंद मिनटों बाद जारी बयान में कहा कि चीन ने पहला वार नहीं करने का वादा किया था लेकिन देश और यहां के लोगों के हित के लिए हम इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे। हालांकि, इस बयान में चीन के पलटवार की जानकारी नहीं दी गई।