
फिरोजाबाद। प्रदेश में भाजपा सरकार का एक साल पूरा होने पर सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को तीसरी बार फिरोजाबाद पहुंचे। यहां सीएम योगी ने 34 करोड़ 48 लाख के दो विकास कार्यों का शिलान्यास और दो करोड़ 253 लाख की लागत के 17 कार्यों का लोकार्पण भी किया। इस मौके पर योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार आलू किसानों के प्रति गंभीर है। जल्द ही सरकार आलू किसानों के लिए अलग से बोर्ड का गठन करेगी। साथ ही यहां के कांच उद्योग को ब्रांडिंग कर बढ़ावा देगी।
विकास कार्यों पर शिलान्यास व लोकार्पण
सीएम योगी आदित्यनाथ तय वक्त पर 11 बजे सिविल लाइन स्थित पुलिस लाइन के मैदान में पहुंचे। सबसे पहले मुख्यमंत्री ने यहां प्रदर्शनियों को निरीक्षण किया। इसके बाद मंच पर पहुंच दीप प्रज्ज्वलित किया। सीएम योगी ने जिले में 34 करोड़ 48 लाख के दो विकास कार्यों का शिलान्यास और दो करोड़ 253 लाख की लागत के 17 कार्यों का लोकार्पण भी किया। इसके साथ ही 20 हजार लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया।
अब प्रदेश में उद्योग का माहौल
पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम योगी आदित्नयाथ ने कहा कि इससे पहले यूपी में उद्योग का कोई माहौल नहीं था। जब से यहां भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार आई है, तब से प्रदेश में उद्योग-धंधों का माहौल बना है। देश के बड़े उद्योगपति प्रदेश में निवेश करना चाह रहे हैं। इस दौरान सीएम योगी ने प्रदेश सरकार की एक साल की उपलब्धियां गिनाई।
आलू किसानों के लिए होगा अलग बोर्ड
इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने आलू किसानों को जल्द ही बड़ी सौगात देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आलू किसानों के प्रति गंभीर है। जल्द ही सरकार आलू किसानों के लिए अलग से बोर्ड का गठन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि फिरोजाबाद के कांच उद्योग की सरकार ब्रांडिंग भी करेगी ताकि दुनियाभर में फिरोजाबाद के कांच उद्योग को पहचान मिले।
मंच पर ये नेता रहे आसीन
कार्यक्रम में मंच पर जिले के प्रभारी मंत्री नीलकंठ तिवारी, नगर विधायक मनीष असीजा, टूण्डला विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, शिकोहाबाद विधायक डॉ मुकेश वर्मा, जसराना विधायक रामगोपाल उर्फ़ पप्पू लोधी नगर निगम फ़िरोज़ाबाद मेयर नूतन राठौर आदि विराजमान रहे। सीएम के कार्यक्रम के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
Updated on:
21 Mar 2018, 3:01 PM IST
Published on:
21 Mar 2018, 2:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.