
Saudi Pro League: पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और अर्जेंटीना के लियोनल मेसी को दुनिया के सबसे बेहतरीन फुटबॉलर माना जाता है, लेकिन दोनों के बीच प्रतिद्वंद्घिता भी काफी पुरानी है। इसका नजारा गुरुवार रात यहां सऊदी प्रो लीग मुकाबले में देखने को मिला। दरअसल, अल नसार का मुकाबला तालिका में शीर्ष पर काबिज अल हिलाल से था। इस मैच के दौरान अल नसार के लिए खेलने वाले रोनाल्डो उस समय बुरी तरह से भडक़ गए, जब दर्शकों ने मेसी-मेसी के नारे लगाए। इस मैच में रोनाल्डो की टीम अल नसार को हार का सामना भी करना पड़ा।
गुस्से में बोले, यहां मैं हूं, मेसी नहीं
मैच के दौरान विपक्षी टीम अल हिलाल के प्रशंसकों ने रोनाल्डो को चिढ़ाने के लिए मेसी-मेसी के नारे लगाने शुरू कर दिए। हालांकि कुछ देर तो रोनाल्डो ने इसे बर्दाश्त किया लेकिन जब मेसी के नाम के नारे तेज हो गए, तो इस स्टार फुटबॉलर ने गुस्से में प्रतिक्रिया देते हुए कहा, यहां पर मैं हूं, मेसी नहीं। रोनाल्डो का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
वापसी अच्छी नहीं रही और टीम को मिली हार
रोनाल्डो ने चोट से उबरने के बाद इस मैच से मैदान पर वापसी की थी, लेकिन उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। अल नसार को अल हिलाल के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। रोनाल्डो इस मैच में एक भी गोल नहीं कर सके। अल नसार की पिछले पांच मैचों में यह पहली हार जबकि टूर्नामेंट में कुल तीसरी हार है।
अल हिलाल की टॉप पर स्थिति मजबूत
अल हिलाल ने अजेय रेकॉर्ड कायम रखते हुए टॉप पर अपनी स्थिति मजबूत की। टीम ने 19 में से 17 मैच जीते और दो ड्रॉ खेले। टीम 53 अंक लेकर टॉप पर जबकि अल नसार 46 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।
ये रहे जीत के हीरो
अल हिलाल की जीत के हीरो सर्जेइ मिलिनकोविच सेविच ने 17वें मिनट में गोल करके टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद, सलेम अल्दावासिरी ने 30वें मिनट में गोल किया और टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी।
यह भी पढ़ें : Volleyball League: चेन्नई से होगा मौजूदा चैंपियन अहमदाबाद का पहला मुकाबला
Published on:
10 Feb 2024, 8:51 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.