31 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

FIFA 2018: जापान ने कोलंबिया को 2-1 से शिकस्त दी

तीसरे मिनट में कोलंबिया के कार्लोस सांचेज से हैंडबॉल हो गया. वह रेड कार्ड पाकर बाहर चले गए. ये इस विश्व कप में पहला रेड कार्ड है
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

Prabhanshu Ranjan

•

Updated: 19 Jun 2018, 7:48 PM IST

fifa wc 2018

FIFA 2018: जापान ने कोलंबिया को 2-1 से शिकस्त दी

नई दिल्ली । फीफा विश्व कप के 21वें संस्करण के अपने पहले मुकाबले में आज जापान ने सारांस्क में दस खिलाड़ियों के खेल रहे कोलंबिया को 2-1 से पराजित किया। इसी के साथ जापान पहला ऐसा एशिय़ाई देश बन गया है जिसने विश्व कप में किसी दक्षिण अमेरिकी देश को हराया है। अगर दोनों टीमों के पिछले मुकाबलों की बात की जाए तो जापान, कोलंबिया के खिलाफ पिछले तीन मैचों में जीत हासिल नहीं कर पाया था । लेकिन आज उसने एशिया का दबदबा साबित कर दिया ।

युया ओसाको के हेडर से किए गोल के दम पर जापान ने मंगलवार को फीफा विश्व कप में अपने पहले रोमांचक ग्रुप मैच में कोलंबिया को 2-1 से हराकर जीत के साथ आगाज किया। मोडरेविया एरीना में खेले गए ग्रुप-एच के मैच में जापान ने पेनाल्टी पर शिंजी कगावा (छठे मिनट) के गोल से खाता खोला था। कोलंबिया के लिए इस मैच में एकमात्र गोल जुआन क्विंटेरो (39वें मिनट) में किया।

पहले ग्रुप मैच में अपनी अच्छी किस्मत के साथ उतरी जापान की टीम को तीसरे ही मिनट में पेनाल्टी पर गोल करने का अवसर मिला। जापान के खिलाड़ियों से मिले पास को रोकने की कोशिश कर रहे कोलंबिया के खिलाड़ी कार्लोस सांचेज के हाथ से फुटबाल टकरा गई।

ऐसे में जापान को पेनाल्टी और सांचेज को रेड कार्ड दिया गया। बोरूसिया डार्टमंड क्लब के मिडफील्डर शिंजी कगावा ने छठे मिनट में सीधा शॉट मारकर गोल करते हुए जापान का खाता खोला।

कोलंबिया को 11वें मिनट में फ्री किक मिली। टीम के कप्तान रडामेल फाल्काओ ने शॉट मारा, लेकिन जापान के गोलकीपर एइजी कवाशीमा ने इसे सेव कर दिया।

इस मैच में दोनों टीमों का अटैक बेहद शानदार तरीके से काम कर रहा था। कोलंबिया को जापान के गोल पोस्ट तक पहुंचने का अवसर तो मिल रहा था, लेकिन वह उसके डिफेंस को भेद नहीं पा रही थी।

इस बीच, एक बार फिर 39वें मिनट में कोलंबिया कप्तान फाल्काओ ने गोल पोस्ट के पास पहुंच सीधा शॉट मारा और एक बार फिर जापान के गोलकीपर कवाशीमा ने उनकी कोशिश नाकाम कर दी।

इतनी कोशिशों के बाद आखिरकार 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही कोलंबिया को सफलता हाथ लगी। उसने फ्री किक पर मिले अवसर को भुनाया। जुआन क्विंटेरो ने सीधा शॉट मारकर फुटबाल को गोल पोस्ट तक पहुंचाया और स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया। बराबरी के साथ ही पहले हॉफ का समापन हो गया।

अपने डिफेंस को और भी मजबूत कर दूसरे हाफ में उतरी कोलंबिया ने 54वें मिनट में जापान की ओर से की गई गोल की एक अच्छी कोशिश को नाकाम कर दिया। ओसाका ने शॉट मारा, लेकिन कोलंबिया के गोलकीपर ओस्पिना ने इसे बेहतरीन तरीके से सेव कर लिया।

जापान के खिलाड़ी दूसरे हाफ में कई बार कोलंबिया के गोल पोस्ट तक पहुंचे लेकिन गलत शॉट के कारण बढ़त हासिल नहीं कर पाए। फ्री किक से मिले एक मौके को उसने गंवा दिया।

अपने नए कोच अकिरा निशिनो के साथ इतिहास बदलने के इरादे से उतरी एशियाई टीम ने 70वें मिनट में जापान के लिए कगावा के स्थान पर सब्सटिट्यूट बनकर आए किउस्के होंडा ने 73वें मिनट में कॉर्नर से शॉट मारा, जिसे युया ओसाको ने हेडर से कोलंबिया के गोल पोस्ट तक पहुंचाकर जापान को 2-1 की बढ़त दे दी।

जापान का डिफेंस और गोलकीपर कावाशीमा इस मैच में अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। साल 2014 में गोल्डन शू के विजेता जेम्स रोड्रिगेज ने दूसरे हाफ में इस मैच में कदम रखा और गोल करने का अवसर भी हासिल किया, लेकिन कावाशीमा ने एक बार फिर 78वें मिनट में कोलंबिया के गोल करने की एक और कोशिश को नाकाम कर दिया।

अपने डिफेंस के साथ कोलंबिया की सारी कोशिशों को नाकाम करते हुए अंत में जापान ने 2-1 से जीत हासिल की।

बड़ी खबरें

View All

फुटबॉल

खेल