गाजियाबाद. महानगर की पुलिस एक्शन में है। मिशन आॅल आउट के जरिये पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार एनकाउंटर कर बदमाशों को पस्त करने में जुटी है। बता दें कि गाजियाबाद पुलिस डेढ़ महीने में करीब 5 एनकाउंटर किए हैं। नए साल के पहले दिन की रात में फिर पुलिस की गोली ने बदमाश को उस वक्त निशाना बनाया। जब कोतवाली इलाके में दो बदमाश चेकिंग के दौरान भागने की कोशिश कर रहे थे। भागने की फिराक में दोनों बदमाश कोट गांव फाटक की तरफ बाइक की रफ्तार बढ़ाने लगे। इन्हीं में से एक ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिससे दो कांस्टेबल घायल हो गए। जबकि जवाबी फायरिंग में नितिन नामक बदमाश घायल हो गया और वहीं पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि नितिन मेरठ का रहने वाला है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके पास से दो अवैध तमंचे भी बरामद किए गए हैं। वहीं उसका साथी भागने में कामयाब हो गया है। दोनों कांस्टेबल और घायल बदमाश नितिन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।