
ढाई करोड़ की डकैती के बाद सीएम योगी की बड़ी कार्रवाई, एसएसपी और एसएचओ के बाद अब नपेंगे ये पुलिस अफसर
गाजियाबाद. प्रदेश में योगी सरकार आने के बाद गाजियाबाद के ज्वेलर्स अपने आपको पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। आरोप है कि जब से योगी सरकार आई है तभी से बदमाशों द्वारा यहां के ज्वेलर्स को निशाना बनाया जा रहा है। कई ज्वेलरी शोरूम में बदमाशों ने बड़ी डकैती को अंजाम दिया गया है। हाल में थाना साहिबाबाद इलाके में प्रेम श्री ज्वेलर्स के यहां दिनदहाड़े हुई ढाई करोड़ की डकैती को सबसे बड़ी डकैती माना जा रहा है। हालांकि इस डकैती के बाद इसकी गूंज लखनऊ तक जा पहुंची है। डकैती के बाद से गाजियाबाद ही नहीं, बल्कि मेरठ मंडल के तमाम स्वर्णकार खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं। पुलिस विभाग द्वारा पल्ला झाड़ने के लिए गाजियाबाद के एसएसपी वैभव कृष्ण का तबादला प्रयागराज कर दिया गया। जबकि थाना अध्यक्ष साहिबाबाद दिनेश यादव और थाना कवि नगर थानाध्यक्ष रोजंत त्यागी को निलंबित भी कर दिया गया है। वहीं कयास लगाए जा रहे है कि इस मामले में जल्द ही 2 और अधिकारियों के तबादले हो सकते हैं।
वहीं कप्तान का तबादला और दो थाना अध्यक्षों को निलंबित करने को ज्वेलर्स एसोसिएशन नाकाफी बता रही है। इस पूरे मामले में ज्वेलर्स एसोसिएशन के संरक्षक राज किशोर गुप्ता ने बताया कि जब से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कमान संभाली है तब से गाजियाबाद के स्वर्णकारों के साथ अपराधिक वारदातें बढ़ गई हैं। उन्होंने बताया कि बदमाश आए दिन किसी ना किसी ज्वेलर को अपना निशाना बना रहे हैं। साहिबाबाद इलाके में हुई ढाई करोड़ रुपए की डकैती अब तक की सबसे बड़ी डकैती है। इसके बाद से गाजियाबाद के सभी स्वर्णकार खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं। इसको लेकर गुरुवार देर शाम मेरठ मंडल ज्वेलर्स एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने गाजियाबाद के नवयुग मार्केट में एक बैठक की और एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल गाजियाबाद के एसपी सिटी श्लोक कुमार से मिला। इस दौरान उन्होंने गाजियाबाद के स्वर्णकारों को सुरक्षा मुहैया कराए जाने पर बात करते हुए हाल में स्वर्णकारों के साथ हुई डकैती और लूट की वारदातों का जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की।
राज किशोर गुप्ता ने बताया कि उन्होंने एसपी सिटी श्लोक कुमार से सभी स्वर्णकारों को सुरक्षा मुहैया कराए जाने की बात कहते हुए लूट की घटनाओं को जल्द खुलासा किए जाने की मांग की है। इतना ही नहीं एसोसिएशन ने 20 नवंबर तक इन घटनाओं को खोले जाने का अल्टीमेटम भी पुलिस को दिया है। उन्होंने कहा कि यदि 20 नवंबर तक इन घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो संपूर्ण मेरठ मंडल के स्वर्णकार अपना कारोबार बंद कर हड़ताल पर चले जाएंगे और आंदोलन के लिए मजबूर होंगे, जिसके जिम्मेदार सिर्फ पुलिस के आला अधिकारी होंगे। उन्होंने बताया कि एसपी सिटी श्लोक कुमार ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों को जल्द ही खुलासे का भरोसा दिया है।
Published on:
16 Nov 2018, 11:04 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.