गाजियाबाद. जिले की संजय नगर पुलिस चौकी में भाजयुमो उपाध्यक्ष को डंडों और लात-घूसों से पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक रोडरेज के मामले में भाजयुमो (भारतीय जनता युवा मोर्चा) के महानगर उपाध्यक्ष मोनू त्यागी पुलिस चौकी में समझौता कराने गए थे। इसी बीच पीआरवी में तैनात एक सिपाही ने उन पर वीडियो रिकॉर्डिंग का आरोप लगाते हुए जमकर अभद्रता की। मोनू त्यागी का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सिपाही ने डंडों और लात-घूसों से उनकी पिटाई की। इसकी जानकारी मिलते ही उनके समर्थक भी पुलिस चौकी पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना मिलते ही 2 थानों की पुलिस और सीओ सेकेंड भी मौके पर पहुंच गए और जैसे-तैसे लोगों काे शांत कराया। इसके बाद भाजयुमो के उपाध्यक्ष मोनू त्यागीी ने सिपाही के खिलाफ जानलेवा हमले, लूट समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, सिपाही ने भी भाजयुमो उपाध्यक्ष पर अभद्रता व सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इस मामले में एसपी सिटी श्लोक कुमार ने बताया कि फिलहाल जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।