गाजियाबाद. नागरिकता संशोधन एक्ट (CAA) और भारतीय राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के विरोध को लेकर गाजियाबाद में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। हालांकि गाजियाबाद में इंटरनेट सेवा फिर से बहाल कर दी गई है। शुक्रवार को पूरे दिन गाजियाबाद में अलग-अलग स्थानों पर स्थिति तनावपूर्ण रही। कुछ स्थानों पर सीएए कानून का विरोध करने वालों ने पुलिस को खूब छकाया। स्थिति को नियंत्रण करने के उद्देश्य से गाजियाबाद के जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय और एसएसपी सुधीर कुमार सिंह भी दिनभर क्षेत्रों का दौरा करते रहे। इसके बावजूद जिलेभर में लोगों ने जमकर बवाल मचाया। पुलिस ने अलग-अलग थानों में कुल 3500 बवालियों के खिलाफ बलवा और सरकारी कार्य में बाधा डालने एवं तोड़फोड़ के साथ जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही देर रात तक पुलिस ने करीब 80 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।