
गाजियाबाद. महापर्व छठ को लेकर घाटों में तैयारियां हो रही हैं। इसको लेकर साहिबाबाद में पुरबिया जन कल्याण परिषद की बैठक आयोजित हुई। जिसमें अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने भी भाग लिया। कोरोना संक्रमण के कारण इस बार भी छठ पर्व को कोविड-19 प्रोटोकाल के तहत मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में छठ महापर्व 2021 की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।
अधिकारियों से मुलाकात करेगा संगठन
परिषद के राष्ट्रीय महासचिव राकेश तिवारी ने कहा कि छठ घाटों पर पूजा अर्चना की तैयारियां शुरू होने वाली हैं। घाटों पर साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था कराई जाएगी। इसके लिए घाटों का ब्यौरा तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपा जाएगा। हिंडन नदी के छठ घाट पर गंगाजल की व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। बैठक में कहा गया कि बढ़ते प्रदूषण के कारण नदी का जल काफी प्रदूषित है और वह आचमन करने लायक भी नहीं है। इसलिए घाट पर शुद्ध जल का इंतजाम होना चाहिए ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की समस्या न हो।
केंद्रीय मंत्री वीके सिंह होंगे मुख्य अतिथि
पुरबिया जन कल्याण परिषद के राष्ट्रीय महासचिव राकेश तिवारी ने कहा कि महापर्व को सफल बनाने के लिए 7 नवम्बर को हिण्डन नदी पर कार सेवा अभियान की शुरुआत की जाएगी। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में गाजियाबाद सांसद व केंद्रीय मंत्री वीके सिंह शिरकत करेंगे। इसके साथ ही सभी घाटों पर पुष्प वर्षा के लिए जिला प्रशासन से मांग की जाएगी। भोजपुरी महासभा के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस मौके पर पार्षद विभा देवी, सुजीत गिरी, वीरेंद्र मिश्रा, ललित कुमार, सतीश मिश्रा, तिलकराम पांडेय आदि मौजूद रहे।
Published on:
25 Oct 2021, 1:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.