जानकारी के अनुसार, विनोद कुमार मूलरूप से गाजियाबाद के लोनी इलाके के रहने वाले थे। हाल ही में उन्होंने थाना लोनी बॉर्डर इलाके की लक्ष्मी गार्डन कॉलोनी में अपना मकान बनाया था। जहां पर उनकी दो बेटियां और एक बेटे समेत उनकी पत्नी रहते हैं। विनोद कुमार 2003 में सीआरपीएफ में कॉन्स्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे, जिनकी विभिन्न स्थानों पर पोस्टिंग रही। फिलहाल वह जम्मू-कश्मीर के कटरा में तैनात थे। मंगलवार देर रात उनके परिवार को सूचना मिली कि विनोद कुमार ने कटरा में स्थित एक अस्पताल में आखिरी सांस ली है। जैसे ही यह सूचना उनके परिजनों ने सुनी तो उनके होश उड़ गए और यह खबर इलाके में आग की तरह फैल गई। इसके बाद पूरे इलाके में शोक छा गया।