
गाजियाबाद। थाना इंदिरापुरम इलाके के वसुंधरा में एक महिला ने सिपाही समेत तीन लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। दिल्ली की रहने वाली महिला ने यह आरोप लगाया है। इनमें से एक आरोपी वसुंधरा पुलिस चौकी पर तैनात है। आरोप है कि उसने यह पूरी वारदात अपने दो साथियों के साथ अंजाम दी है। महिला के बयान के मुताबिक, तीसरा आरोपी पुलिस की वर्दी में था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिसकर्मी फरार हो गया है जबकि मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का कोर्ट में बयान भी करा दिया गया है।
यह भी पढ़ें: मेट्रो गार्डर हादसाः काम में लापरवाही बरते जाने पर डीएमआरसी ने की बड़ी कार्रवाई
ब्लैकमेल करने का भी आरोप
दिल्ली की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया है कि उसे प्रॉपर्टी दिखाने के बहाने गाजियाबाद बुलाया गया था। उसकी मुलाकात अभिषेक नाम के युवक से हुई थी। 21 अप्रैल को अभिषेक ने उसे फ्लैट देखने के लिए बुलाया था। लिंक रोड स्थित एक होटल के पास से अभिषेक उसे वसुंधरा सेक्टर-1 स्थित फ्लैट पर लेकर पहुंचा। पीड़िता के मुताबिक, वहां पहले से ही लोग मौजूद थे। वहां उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश कर दिया गया। होश आने के बाद उसे अपने साथ हुए गलत काम का पता चला। अगले दिन उसके मोबाइल पर समीर नाम के युवक ने फोन कर उसे अश्लील वीडियो बनाने की बात कही और फिर से फ्लैट पर बुलाया। इसके बाद तीनों ने फिर उससे गैंगरेप किया।
एसएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही
उसके मुताबिक, तीसरा आरोपी खुद को पुलिसवाला बता रहा था और वह वसुंधरा पुलिस चौकी में तैनात है। उसने पुलिस की वर्दी वाली पैंट भी पहन रखी थी। उसका कहना है कि अब उसे वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की बात कहकर ब्लैकमेल किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिसकर्मी घटना के बाद से चौकी से फरार है। इस बारे में एसएसपी वैभव कृष्ण का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में अगर सिपाही दोषी पाया जाता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
25 Apr 2018 09:44 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
