
गाजियाबाद। धर्म के विपरीत शादी करने वाली युवती गाजियाबाद में 1980 में जिलाधिकारी रहे राजेंद्र अग्रवाल की पौत्री (पोती) हैं। मिली जानकारी के अनुसार सन् 1980 में गाजियाबाद के जिलाधिकारी रहे राजेंद्र अग्रवाल की पौत्री नूपुर अग्रवाल ने न्यूरो सर्जन में डॉक्टरी पास की है। नूपुर अग्रवाल के साथ ही यूसुफ नाम का एक युवक भी डॉक्टरी की पढ़ाई करता था। धीरे-धीरे दोनों एक दूसरे के संपर्क में आए। और दोनों की मोहब्बत परवान चढ़ती चली गई। आखिरकार दोनों ने अपनी डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी करने के बाद आपस में धर्म की परवाह न करते हुए कोर्ट मैरिज कर ली। जिसकी सूचना दोनों ने अपने-अपने परिवार को दे दी थी।
शादी के बाद चल रहा था रिसेप्शन
शुक्रवार को थाना कवि नगर इलाके की पॉश कालोनी स्थित नूपुर अग्रवाल के मकान पर एक पार्टी का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में नूपुर अग्रवाल के अलावा उसका पति युसुफ और उसके रिश्तेदार भी शरीक हुए। जैसे ही इस बात की भनक हिंदू संगठन के लोगों को पता चली तो सभी इकठा होकर नूपुर अग्रवाल के मकान पर जा धमके और इस धर्म के विपरीत हुई शादी का जमकर विरोध करने लगे। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।
घर वालों को नहीं है कोई आपत्ति
पुलिस ने शुरुआती दौर में तो उन्हें समझा कर वापस भेज दिया क्योंकि पुलिस के सामने ही नूपुर अग्रवाल और उसके पति युसुफ के परिजनों ने सभी लोगों को बताया कि इस शादी से नूपुर अग्रवाल और यूसुफ बेहद खुश हैं। क्योंकि दोनों ही पढ़े-लिखे हैं। एक साथ ही दोनों ने डॉक्टरी की पढ़ाई की है और दोनों ने ही सोच समझकर यह फैसला लिया है। इसलिए दोनों के ही परिजन इनके फैसले का स्वागत करते हैं तो इससे दूसरे लोगों को या समाज के लोगों को क्या लेना देना।
DM को दी तहरीर
हालांकि इस शादी का विरोध करने वाले लोगों ने गाजियाबाद की जिला अधिकारी रितु माहेश्वरी को भी लिखित में तहरीर दी है। उनका कहना है कि दोनों ने धर्म के विपरीत शादी की है। इससे इलाके का माहौल खराब हो सकता है। लेकिन शुरुआती दौर में आए सभी लोगों को नूपुर और यूसुफ के द्वारा अपना फैसला सुनाने के बाद उल्टे पांव वापस लौटना पड़ा। इस बीच हिंदू रक्षा दल और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को इस बात का पता चला तो सभी लोग एक मंच पर इकट्ठे होकर एआरटी सेंटर के सामने धरने पर बैठ गए और सड़क को जाम कर दिया। पूरा मामला दो अलग अलग धर्मों से जुड़े लड़का-लड़की के शादी के बाद किए जा रहे रिसेप्शन से संबंधित है।
पुलिस ने किया लाठीचार्ज
हिंदू संगठनों और BJP कार्यकर्ताओं ने दोनों की शादी को लव जिहाद का नाम देकर प्रदर्शन किया। जिसके बाद पुलिस ने हल्के बल का प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा। इस बात के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ता और हिंदू संगठनों ने सड़क को जाम कर एक बार फिर से प्रदर्शन शुरू किया। जिसके बाद बिगड़ते हालात को देखते हुए गाजियाबाद एसएसपी हरि नारायण सिंह के मौके पर पहुंचे प्रदर्शनकारियों से बात कर उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शन को समाप्त कराया। फिलहाल माहौल शांतिपूर्ण लेकिन अभी भी भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद है।
Published on:
22 Dec 2017 08:47 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
