दरअसल, यह घटना गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र के सदरपुर की है। बता दें कि लॉकडाउन के बीच आरोपी सुधीर घर के बाहर कूड़ा फैला रहा था, जिसका उसकी ताई तुलसी देवी ने विरोध किया था। इससे गुस्साए सुधीर ने ताई तुलसी देवी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को भूसे के ढेर में छिपाकर फरार हो गया। इसके बाद तुलसी देवी के बेटे ने मां की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए शव को भूसे के ढेर से बरामद कर लिया। जांच के दौरान पुलिस को सुधीर के गायब होने पर शक हुआ और उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस ने सुधीर को पकड़ते हुए कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। सुधीर ने बताया है कि शुक्रवार को ताई ने उसे लॉकडाउन में घर के बाहर कूड़ा फैलाने से मना किया था। इसी बात पर ताई से झगड़ा हो गया था और उसने अपनी ताई की हत्या कर दी।