
गाजियाबाद। महानगर गाजियाबाद में पावर कॉरपोरेशन को हर महीने लाखों रूपये का चूना बिजली और पार्को में चल रहे समर्सिबल और स्ट्रील लाइट से लग रहा है। नगर निगम और जीडीए द्वारा संचालित इन पार्को में बिना कनेक्शन लिए लंबे समय से ही पार्को को चोरी की बिजली से रौशन किया जा रहा था। इसके अलावा समरसिबल के लिए भी कोई वैध कनेक्शन नहीं लिया गया। पावर कॉरपोरेशन की जांच में इसका पता चला है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक पूरे जोन में इसकी संख्या हजार के पास है जिनमें समर्सिबल व स्ट्रीट लाइट जलाने के लिए बिजली का कनेक्शन ही नहीं लिया गया। कॉरपोरेशन ने अब इस संबंध में जिन विभागों के अधीन सार्वजनिक पार्क आते हैं उन्हें नोटिस भेजना शुरू कर दिया है।
निगम ने सौंपी 294 पार्को की लिस्ट
इन दिनों कॉरपोरेशन ने अवैध कनेक्शन और बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चला रखा है। घरेलू और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बड़ी संख्या में बिजली चोरी पकड़ी गई है। लेकिन शहर के सार्वजनिक पार्को में पेड़-पौधों को पानी देने के लिए लगाए गए समरसिबल और स्ट्रीट लाइट के लिए बिजली विभाग से कनेक्शन ही नहीं लिए गए। पार्को में अवैध रूप से बिजली चोरी की जा रही है। शहर के कुछ ही पार्को में वैध तरीके से बिजली के कनेक्शन लिए गए हैं, अधिकतर पार्को में अवैध रूप से चोरी की बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा है। निगम ने पावर कॉरपोरेशन को टीएचए के 294 पार्को की लिस्ट सौंपी हैं जिसमें बिजली के कनेक्शन नहीं है।
अधिकारी का कहना
मुख्य अभियंता एके चौधरी ने बताया कि सरकार या गैर सरकारी जो भी बिजली का इस्तेमाल करेगा उसे भुगतान करना पड़ेगा। जहां भी वैध कनेक्शन नहीं मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हाल फिलहाल में लगभग तीन सौ के करीब ऐसे पार्क चिन्हित हुए है। अब बाकि जगहों और शहर के अन्य जोन के सभी पार्को में बिजली के कनेक्शन पता लगाने के लिए सर्वे शुरू किया गया है। रिपोर्ट के सामने के आने के बाद में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
19 Apr 2018, 8:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.