
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
गाजियाबाद. शहर की सड़कों पर फर्राटा भरती दो कारों की छत पर बैठकर दो युवकों के स्टंट करने का एक वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए एक ब्रेजा कार की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 18 हजार रुपए का चालान किया है। जबकि दूसरी कार की पहचान की जा रही है। जिस ब्रेजा कार का चालान किया गया है। उस कार के नंबर से पहचान की गई तो कार पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एंक्लेव स्थित घरौली एक्सटेंशन निवासी अलका रानी के नाम पर पंजीकृत पाई गई।
दरअसल, गाजियाबाद की सड़कों पर चलती हुई ब्रेजा और स्कॉर्पियो कार के बोनट पर खड़े होकर गाड़ी का हूटर बजाकर स्टंट कर रहे थे। वीडियो को देख कर लग रहा है कि दोनों युवकों ने सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने के उद्देश्य से यह वीडियो बनाई। इसी दौरान किसी शख्स ने यह वीडियो बना ली और इस वीडियो को गाजियाबाद पुलिस को ट्वीट कर दिया। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से इसका संज्ञान लेते हुए कार की पहचान शुरू कर दी है। इनमें से एक ब्रेजा कार की पहचान हो गई। यह कार पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एनक्लेव के घरौली एक्सटेंशन में रहने वाली अलका रानी के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 18 हजार का चालान किया है। जबकि अभी स्कॉर्पियो कार की पहचान पुलिस नहीं कर पाई है। स्कॉर्पियो की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। इससे पहले भी बुलेट मोटरसाइकिल पर स्टंट करते हुए एक लड़की का वीडियो वायरल हुआ था। उस दौरान भी पुलिस ने नंबर के आधार पर गाड़ी की पहचान कर करीब 50 हजार का चालान भेजा था।
एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि किसी शख्स ने पुलिस को एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें बीच सड़क पर चल रही एक ब्रेजा और स्कॉर्पियो के बोनट पर खड़े होकर दो युवक स्टंट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसका संज्ञान लिया गया तो ब्रेजा कार के मालिक के खिलाफ बिना अनुमति सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक तेज गति से कार चलाने के आरोप में 5 हजार, दिशा निर्देश का उल्लंघन करने के आरोप में 2 हजार और ध्वनि प्रदूषण फैलाने के आरोप में 10 हजार और वाहन को मॉडिफिकेशन कराने के आरोप में एक हजार यानी कुल 18 हजार का चालान किया गया है।
Published on:
9 Jul 2021, 10:01 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.