गाजियाबाद. ऑरेंज जोन में शामिल गाजियाबाद जिला प्रशासन कोरोना महामारी को लेकर बेहद गंभीर है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार सर्वे करने में जुटी हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शनिवार देर रात तक कुल 3133 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं, जिनमें से 2672 लोगों की रिपोर्ट आ चुकी है। जबकि 461 लोगों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। इनमें से जो रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं, उनमें 2598 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। इसके अलावा अब तक कुल पॉजिटिव लोगों की संख्या 74 हो गई है। इनमें से तीन लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट शनिवार देर रात आई है। जबकि 47 लोगों को उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। जबकि 26 लोगों का उपचार अभी जारी है।