गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के हाॅस्टल में रहने वाले दर्जनों छात्रों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। इन छात्रों पर मुख्य नियंता के घर पर पथराव का आरोप है। मुख्य नियंता प्रो. गोपाल प्रसाद ने तहरीर देकर इस बाबत केस दर्ज कराने की मांग की थी। बुधवार की रात में बिजली कटौती के खिलाफ हाॅस्टल के छात्रों ने सड़क जाम किया था। इन्हीं में कुछ युवकों पर मुख्य नियंता के घर पर पथराव का भी आरोप है।
मुख्य नियंता की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए कैंट पुलिस ने प्रणव द्विवेदी, प्रियेश मालवीय, जितेंद्र मणि, सुमित राय, अतुल समेत 55 छात्रों के खिलाफ हत्या के प्रयास, तोड़फोड़, मारपीट आदि गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया गया है।