दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में पर्चा दाखिला के आखिरी दिन प्रमुख पदों के लिए नामांकन दाखिल हुए। अध्यक्ष पद के लिए नौ प्रत्याशियों ने ताल ठोकें हैं तो उपाध्यक्ष पद के लिए दस विद्यार्थियों ने दावेदारी की है। महामंत्री और पुस्तकालय मंत्री पद के लिए नौ-नौ दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
13 सितंबर को होने वाले विवि छात्रसंघ चुनाव के लिए प्रक्रिया शुरू है। दो दिन विभिन्न पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराया गया। नामांकन के आखिरी दिन गुरुवार को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री और पुस्तकालय मंत्री पद के लिए पर्चा दाखिला हुआ।
गुरुवार को पर्चा दाखिला में विवि सहित पूरे शहर में काफी गहमागहमी रही। पूरा शहर छात्रसंघ चुनाव की सरगरमी में रहा। जुलूस, तेज रफ्तार से आती-जाती गाड़ियां और चुनाव आचार संहिता की उड़ती धज्जियों को सारा दिन शहरवासी मूकदर्शक बने रहे।
पर्चा दाखिल करने वाले प्रत्याशियों के पर्चाें की जांच शुक्रवार व शनिवार को की जाएगी। वैध पर्चाें की लिस्ट शनिवार शाम तक चस्पा कर दिया जाएगा। चुनाव अधिकारी प्रो.ओपी पांडेय ने बताया कि रविवार को नाम वापसी होगी। इसी दिन तीन बजे के बाद मैदान में बचे प्रत्याशियों के नामों को चस्पा कर दिया जाएगा। 13 सितंबर को सुबह 9 बजे से 3 बजे तक मतदान संपन्न कराया जाएगा तथा 5 बजे से काउंटिंग शुरू होगी। काउंटिंग के बाद उसी दिन परिणामों का भी ऐलान कर दिया जाएगा।