
युवक की गोली मारकर हत्या( सोर्स: सोशल मीडिया)
Murder In Land Dispute:गोरखपुर में हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के करनपुरा गांव में गुरुवार सुबह खेत की जुताई को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवक के सगे चाचा ने ही उसे गोली मारी। पेट में गोली लगने के बाद घायल युवक जान बचाकर भागा, लेकिन गांव की पुलिया के पास उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मृतक की पहचान मेथौली निवासी सुदामा पांडेय उर्फ गामा के 26 वर्षीय बेटे शिवम पांडेय के रूप में हुई है। सुदामा पांडेय का करनपुरा गांव में नेवासा है, जबकि उनके अन्य भाई वहीं रहकर खेती करते हैं। बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।गुरुवार सुबह शिवम अपने खेत की जुताई कराने के लिए करनपुरा पहुंचा था। इसी दौरान उसके चाचा राधेश्याम पांडेय उर्फ रधई ने खेत जोतने से मना कर दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद के बाद ट्रैक्टर वहां से चला गया।
आरोप है कि इसके बाद रधई का एक अन्य भाई मौके पर पहुंचा और शिवम को गोली मारने के लिए उकसाया। इसी दौरान रधई ने शिवम पर फायरिंग कर दी। गोली उसके पेट में लगी। गंभीर रूप से घायल शिवम जान बचाने के लिए भागा, लेकिन कुछ दूर स्थित पुलिया के पास पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही हरपुर बुदहट के थानाध्यक्ष प्रशांत पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
CO गीडा आभा सिंह ने बताया कि करीब 10.00 बजे थाना हरपुर बुदहट पर सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम करनपुरा में मथौली निवासी आर्दश पाण्डेय को उनके चाचा राधेश्याम पाण्डेय द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गयी इस सूचना पर तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचकर घायल आर्दश पाण्डेय को सीएचसी सहजनवां पहुंचाया गया, जहां डाक्टर द्वारा परीक्षणोपरान्त मृत घोषित कर दिया गया । परिजन से प्राप्त तहरीर कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है । आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
Updated on:
15 Oct 2026 12:57 pm
Published on:
15 Oct 2026 12:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
