नागरिकता संशोधन बिल (CAB) व राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) को लेकर सबसे अधिक रोष मुसलमानों में देखने को मिल रहा है। मुस्लिम समाज का गुस्सा अब सड़कों पर आने लगा है। जुमा की नमाज के बाद सैकड़ों की तादाद में मुसलमान सड़क पर उतर आए। बैनर पोस्टर लेकर सुल्तान खां मस्जिद चैराहा तुर्कमानपुर से तुर्कमानपुर तिराहे तक विरोध मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस से काफी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष मो. इस्लाम, नाजिम शाही, अली अकबर, मसऊद अशरफ को हिरासत में लेकर उन्हें राजघाट थाना लाया। लेकिन लोगों ने विरोध प्रदर्शन खत्म नहीं किया। सैकड़ों की तादाद में नौजवान कैब व एनआरसी के विरोध में नारा लगाते हुए हुजूम की शक्ल में तुर्कमानपुर से पांडेहाता, घंटाघर चैराहा से होते हुए हाल्सीगंज चैक, पहाड़पुर पहुंचे। भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया।