
ग्रेटर नोएडा. कोरोना वायरस (coronavirus) के खौफ को देखते हुए दिल्ली के बाद ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) के कई स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। इस साथ ही स्कूलों ने बच्चों को घुमाने के लिए आयोजित टूर भी स्थगित कर दिए हैं। बता दें कि स्कूलों ने कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए एहतियातन छोटे बच्चों की छुट्टियां घोषित की हैं। अब ये स्कूल होली के बाद ही खुलेंगे। जबकि जिलाधिकारी बीएन सिंह का कहना है कि प्रशासन की ओर से स्कलों में अवकाश घोषित नहीं किया गया है। स्कूलों ने निजी स्तर पर अवकाश घोषित किया है।
बता दें कि डीपीएस ने गुरुवार से नर्सरी से लेकर कक्षा एक तक बच्चों की छुट्टियां कर दी गई हैं। स्कूल प्रधानाचार्य रेनू चतुर्वेदी का कहना है कि कोरोना वायरस से बचाव को देखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया है। अब स्कूल होली के बाद यथा समय पर खुलेगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही सात मार्च को होने वाला समारोह भी स्थगित कर दिया गया है। वहीं, जीडी गोयनका स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. रेनू सेहगल का कहना है कि शुक्रवार से छोटे बच्चों की छुट्टियां कर दी गई हैं। अब छोटे बच्चों के लिए स्कूल होली के बाद ही खुलेगा। इसी तरह मैपल बेयर स्कूल के साथ अन्य स्कूलों ने भी कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
डीएम बोले- अफवाह न फैलाएं
डीएम बीएन सिंह का कहना है कि सोशल मीडिया पर स्कूलों में अवकाश की अफवाह पर ध्यान नहीं दिया जाए। सभी स्कूल खुले रहेंगे। उन्होंने कहा कि जो लोग छुट्टियों की अफवाह फैला रहे हैं उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कुछ स्कूलों ने अपने स्तर पर छुट्टियां घोषित की हैं। डीएम ने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर छुट्टी की मांग कर रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि जिले में कोरोना वायरस की स्थिति सामान्य है। इसलिए किसी भी स्कूल में छुट्टी नहीं की गई।
Published on:
6 Mar 2020, 1:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.