
आरटीइ पर फिर संकट, न लॉटरी हुई और ना ही अगला कार्यक्रम आया
गुना. आरटीइ के तहत नि:शुल्क प्रवेश प्रक्रिया फिर अधर में लटक गई है। एक बार तारीख बढऩे के बाद भी प्रवेश के लिए लॉटरी की प्रक्रिया संपन्न नहीं हो सकी और दो दिन का समय निकल जाने के बाद भी अब तक नया कार्यक्रम भी घोषित नहीं हो पाया है। जिसके कारण अभिभावक असमंजस में हैं और लेट प्रवेश होने से बच्चे पढ़ाई में भी पिछड़ जाएंगे। उल्लेखनीय है कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत गरीब व वंचित वर्ग के बच्चों को प्राईवेट स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश दिया जाता है।
लेकिन पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी यह योजना खटाई में पड़ती दिख रही है। पहले तो कुल घोषित सीटों के विरुद्ध आवेदन ही कम पहुंचे और उसके बाद भी अब तक प्रक्रिया आवेदन से आगे नहीं बढ़ पाई है।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत ५ जुलाई को प्रवेश के लिए लॉटरी के माध्यम से सीटों का आवंटन किया जाना था। लेकिन 5 जुलाई को लॉटरी नहीं हुई। मोबाइल पर एसएमएस न आने से परेशान अभिभावक जिला परियोजना समन्वयक व बीआरसीसी कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। लेकिन यहां जिला व विकासखंड स्तर पर अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं है। जब तक अगला आदेश नहीं आता है, तब तक अधिकारियों कोई भी जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
पांच हजार बच्चों को प्रवेश का इंतजार
नि:शुल्क प्रवेश के लिए जिले में 5 हजार 279 बच्चों को लॉटरी का इंतजार है। जिले में 568 स्कूलों ने कुल 7 हजार 713 सीटें घोषित की थीं। लेकिन इसके विरुद्ध 2 हजार 434 सीटों पर आवेदन ही प्राप्त नहीं हुए। जब इस बार स्कूलों का विकल्प भी बढ़ा दिया गया था। इसके बावजूद लोगों ने रुचि नहीं दिखाई। जिसका कारण इसकी जटिल और धीमी प्रक्रिया ही है। पिछले वर्ष भी कई अभिभावक ऐसे ही परेशान हुए थे और उन्हें बच्चों को सामान्य एडमीशन दिलाना था।
दूसरी बार निकली समय सीमा
आरटीइ के तहत लॉटरी होने की समय सीमा दूसरी बार निकल गई है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहले 30 जून को लॉटरी होनी थी। लेकिन आवेदन कम होने और अन्य कारणों से आवेदन की तिथि बढ़ाकर 30 जून की गई और लॉटरी की तिथि 5 जुलाई कर दी गई थी। 6 जुलाई से आवंटन पत्र डाउनलोड होना था और 7 जुलाई से सत्यापन का कार्य शुरू किया जाना था। जिसकी तैयारियां भी कर ली गई थीं। जो धरी रह गईं।
ब्लॉक वार आवेदन व सीटों की स्थिति
ब्लॉक - स्कूल - सीट - आवेदन
आरोन -53 - 831 - 693
बमोरी - 60 - 697 - 390
चाचौड़ा - 114 - 1704 - 1136
गुना - 220 - 3092 - 1955
राघौगढ़ - 121 - 1389 - 1105
कुल - 568 - 7713 - 5279
Published on:
08 Jul 2018 07:49 am
बड़ी खबरें
View Allगुना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
