
100 रुपए बचाने के लिए इंटरनेट से निकाला कस्टमर केयर का नंबर, एक क्लिक पर खाते से उड़ गए 63 हज़ार
ग्वालियर/ मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 100 रुपए बचाने की समझदारी दिखाना एक युवक को महंगा पड़ गया। युवक ने इंटरनेट से कस्टमर केयर के नंबर की खोज की और उसपर कॉल किया तो, वहां से उसके फोन पर एक लिंक भेजी गई, जिसके बाद से बात करते करते अचानक ही उसके खाते से 63 हजार रुपए निकाल लिये गए। खास बात ये रही कि, युवक को उसके साथ हुई ठगी की इस घटना को उसी समय पता तक नहीं चला, क्योंकि रुपए निकाले जाते समय ठग पीड़ित से बात करता रहा था। कॉल कटने के बाद पीड़ित के मोबाइल पर मैसेज आया। इसके बाद पीड़ित ने दौबारा उसी नंबर पर कॉल किया, तो बेल जाती रही, पर किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर सेल में की है।
गलत खाते में गए 100 रुपये वापस लेने पर लगी 63 हजार की चपत
बता दें कि, मामला मुरार थाना क्षेत्र के जड़ेरूआ इलाके का है। जहां के रहने वाले राजेश सिंह किसी निजी संस्था में काम करते हैं। यहां दो दिन पहले वो अपने मोबाइल से छोटे भाई के ई-पॉलेट से 100 रुपए का ट्रांजेक्शन कर रहे थे। पर मोबाइल नंबर गलत टाइप हो जाने की वजह से 100 रुपए किसी अन्य खाते में पहुंच गए। उन्होंने पहले उस नंबर पर कॉल किया तो, किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसपर राजेश ने इंटरनेट से ई-वॉलेट कंपनी का कस्टमर केयर नंबर खोजकर उसपर कॉल किया, जहां से उन्हें आश्वासन मिला कि, उनके 100 रुपए जल्द ही उनके खाते में वापस कर दिए जाएंगे। साथ ही बताया कि अभी उनको एक लिंक भेजी जाएगी और एक कॉल आएगा। वह जो डिटेल मांगे बताते जाना।
लिंक भेजी और ठग लिए 63 हजार
इसके बाद राजेश के पास कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि वह कस्टमर केयर से बोल रहा है। आपको एक लिंक भेजी है। लिंक ओपन करें, जैसे ही उन्होंने उस लिक पर क्लिक किया, तो उनका फोन खुद ब खुद ऑपरेट होने लगा। इस संबंध में राजेश ने सामने वाले व्यक्ति से पूछा, तो वहां से जवाब दिया गया कि, आपके फोन में ट्रांजेक्शन चेक हो रहा है। हालांकि, बातचीत के दौरान ही राजेश के अकाउंट से 63 हजार रुपए निकल गए। जिस संबंध में पूछे जाने पर राजेश को जवाब मिला कि, ये सिर्फ ट्रांजेक्शन हुआ है। असल में आपके पैसे आपके खाते में ही है। लेकिन, फोन खटने के बाद बैंक से मैसेज प्राप्त हुआ कि, आपके खाते से 63 हजार रूपये निकाले गए हैं।
एक और ठगी के लिये अगले दिन दौबारा आया फोन
रुपए ठगे जाने के अगले दिन राजेश के पास ठग का एक बार फिर कॉल आया, जिसमें ठग की ओर से कहा गया कि, वो किसी अन्य खाते के बारे में जानकारी दे, क्योंकि उस खाते में पैसे ट्रांसफर नहीं हो रहे हैं। वहां से कहा गया कि, कोई दूसरा अकाउंट नंबर हो तो बताएं, ताकि वो निकली हुई रकम उस खाते में वापस कर सकें। लेकिन, इस बार राजेश ने उससे साफ मना कर दिया। साथ ही इस बात की जानकारी भी पुलिस को स्पष्ट रूप से बता दी।
कोरोना वैक्सीन से जुड़े हर सवाल का जवाब - जानें इस वीडियो में
Published on:
16 May 2021 08:52 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
