
आप भी खाते हैं बाहर का खाना तो हो जाएं सतर्क, होटलों में हो रही है ये धांधली
ग्वालियर/ आजकल के भागदौड़ भरे जीवन में अकसर नौकरी पैशा, व्यापारी वर्ग और बाहरी शहरों से पढ़ाई करने आए छात्र टाइम की बचत करने के उद्देश्य से घर के बजाय बाहर का भोजन करने को ही प्राथमिकता देते हैं। कई लोग शोखिया तौर पर भी अलग अलग रेस्टोरेंटों और होटलों पर भोजन करते हैं। लेकिन, अगर आपसे कहा जाए कि इन होटलों में आपके सामने सर्व किये जाने वाला स्वादिष्ट भोजन आपकी सेहत को नुकसान भी पहुंचा सकता है और वो इसलिए कि, अकसर होटलों में बनाए जाने वाले भोजन में हाइजीन का ध्यान नहीं रखा जा रहा, ये लापरवाही आपकी सेहत के लिए खतरनाक हो सकती है।
यहां पाई गई अनियमित्ता
इसे लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग भी अलर्ट पर है और प्रदेशभर में अलग अलग छोटे-बड़े रेस्टोरेंट और होटलों में मिलावट के खिलाफ 'शुद्ध के विरुद्ध युद्ध' अभियान के तहत छापेमारी कर रहे हैं। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा अधिकरियों के तीन दलों ने ग्वालियर के अलग-अलग होटल-रेस्टोरेंटों पर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान यूनिवर्सिटी रोड स्थित होटल की किचन में गंदगी मिली। इसके अलावा सागरताल रोड पर संचालित मसाला फैक्ट्री में भी मसालों की पैकिंग के लिए साफ-सफाई में काफी अनियमित्ता देखने को मिली। वहीं, भिंड रोड स्थित होटल में खराब पनीर और बेसन ग्राहकों को सर्व करने की तैयारी की जा रही थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवि शिवहरे, निरुपमा शर्मा, गोविंद सरगैयां, लोकेन्द्र सिंह, आनंद शर्मा, सतीश धाकड़, सतीश धाकड़ की टीम ने आठ जगह कार्रवाई करके सैंपल लिए हैं।
यहां से लिए गए हैं सैंपल
-सागरताल के पास सूरज नगर में संचालित बालाजी ग्रह उद्योग से शिवांजलि हल्दी पाउडर, मिर्ची और धनिया पाउडर के सैंपल लिए हैं।
-किलागेट स्थित लोहामंडी में संचालित गहोई फूड प्रोडक्ट्स से मैनेजर पवन गुप्ता की मौजूदगी में नीखरा नमकीन, कॉर्नफ्लैक्स और नीखरा रतलामी सेव के सैंपल लिए गए हैं।
-यूनिवर्सिटी रोड स्थित होटल डेजर्ट पाम से मैनेजर देवव्रत शर्मा की मौजूदगी में पनीर और तुअर की दाल के सैंपल लिए गए हैं।
-चार शहर का नाका हजीरा क्षेत्र में संचालित न्यू साई फूड प्रोडक्ट्स से प्रोपराइटर अंशुल अग्रवाल की मौजूदगी में मयूरी मिल्क रस्क और मैदा के सैंपल लिए गए हैं।
-जयेन्द्र गंज स्थित मेडिसिन और फूड सप्लीमेंट के सप्लायर एलेंटिस फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड से डाइरेक्टर दीपक नथानी की मौजूदगी में एटीएक्स लायको और जेरोलाइट जी के सैंपल लिए हैं।
-भिंड रोड पिंटो पार्क स्थित द वेदास होटल से मैनेजर जाकिर खान की मौजूदगी में पनीर और बेसन के सैंपल लिए गए हैं।
-दाल बाजार स्थित ठाकुरदास एंड कंपनी से प्रोपराइटर दीपक गुप्ता की मौजूदगी में सोयाबीन रिफाइंड ऑइल और पामोलीन के सैंपल लिए गए हैं।
-जय विनायक मार्केटिंग से प्रोपराइटर मनोज गुप्ता की मौजूदगी में साबूदाना के सैंपल लिए गए हैं।
Published on:
25 Feb 2020, 1:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.