
ग्वालियर. ग्वालियर में एक चार साल के बच्चे को घर के बाहर खेलते वक्त एक कार ने रौंद दिया। घटना में बच्चे की मौत हो गई, मासूम के पिता का आरोप है कि उनके बेटे की जानबूझकर हत्या की गई है। पिता का कहना है कि जिस कार ने बेटे को कुचला है वो उसके दुश्मन की है। करीब 20 साल से उनके बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। रोते हुए पिता ने ये भी कहा कि दुश्मनी मुझसे थी मेरे बेटे ने क्या बिगाड़ा था।
हत्या या हादसा ?
महाराजपुरा के सिहोली के रहने वाले पूरन सिंह मिर्धा का चार साल का बेटा निमांष घर के सामने खेल रहा था। तभी तेज रफ्तार आई कार MP 07 CK-6008 के चालक ने लापरवाही निमांष को टक्कर मार दी और रौंदते हुए ले गया। टक्कर लगते ही निमांष गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे परिजन तुरंत पास के अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार नंबर के आधार पर कार चालक का पता कर कार मालिक व ड्राइवर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ गैर इरादत हत्या का केस दर्ज किया गया है।
20 साल से चल रहा जमीन को लेकर विवाद
बच्चे के पिता पूरन सिंह ने आरोप लगाया है कि हरिसिंह ने जानबूझकर उसके बेटे को कार से कुचला है। ये सोची समझी हत्या है जिसे हादसा बनाने की कोशिश आरोपी के द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि हरिसिंह से उनका 20 साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। कई बार मारपीट हो चुकी है और एक बार तो हरीसिंह ने उन्हें भी कार से कुचलने की कोशिश की थी। इतना ही नहीं चार दिन पहले जान से मारने की धमकी भी दी थी। उन्होंने आगे कहा कि दुश्मनी तो उनसे थी मेरे बेटे ने उसका क्या बिगाड़ा था।
Published on:
15 Apr 2022, 7:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.