लधेड़ी निवासी कमला बाथम कहती हैं कि महेश लोगों को धोखा देता है। उसके पास गंभीर मरीज भी पहुंचे तो उसे सही जगह इलाज के लिए भेजने की बजाय खुद उसका इलाज करता है। करीब दो साल पहले वह भी बेटे दिनेश को उसकी वजह से खो चुकी हैं। दिनेश के सीने में दर्द हुआ था। उसे महेश की क्लीनिक पर ले गईं। बेटे की हालत देखने के बाद भी महेश ने उन्हें गुमराह किया। यह नहीं बताया कि दिनेश की हालत गंभीर है। उसे जेएएच ले जाएं, बल्कि अंदाज से दवाएं देता रहा। कमला के मुताबिक उनका परिवार पढ़ा लिखा नहीं है। इसलिए नहीं समझ सका कि दिनेश को डॉक्टर क्या दवा दे रहा है। महेश के गलत इलाज से क्लीनिक पर दिनेश की मौत हो गई तब अपने जुर्म को छिपाने के लिए महेश ने उनसे कहा कि मरीज की हालत बिगड़ रही है उसे जेएएच ले जाओ। दिनेश को जबरिया टैक्सी में रखवा भी दिया। वह पुलिस के पास नहीं जाएं इसलिए महेश ने क्लीनिक में बुलाकर कट्टे के दम पर धमकाया कि चुप रहोगी तो परिवार बचा रहेगा। मुंह खोलोगी तो उसका कुछ नहीं बिगाड़ पाओगी। उसकी धमकी से डर कर चुप रही। लेकिन उनकी तमन्ना है कि बेकसूर लोगों की जान लेने वाले वहशी डॉक्टर को उसके जुर्म की सजा मिले। तब उनके बेटे की आत्मा को शांति मिलेगी।