
एकतरफा प्यार में सनकी नाबालिग ने लड़की के घर फेंका बम, बोला- ये तो ट्रेलर था, बदला पूरा नहीं हुआ
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एकतरफा प्यार में एक सनकी नाबालिग लड़के ने नाबालिग लड़की के घर पर पेट्रोल बम फेंक दिया। इस घटना में नाबालिग लड़की के घर का काफी सामान जल गया है। यही नहीं, सनकी आशिक की इस करतूत के बाद नाबालिग लड़की के पूरे परिवार ने रात भर दहशत के साए में गुजारी। इसके बाद मंगलवार की सुबह थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आपको बता दें कि, एक तरफा प्यार में खौफनाक वारदात को अंजाम देने का ये मामला शहर के ग्वालियर थाना इलाके का है। इलाके में रहने वाली 15 साल की नाबालिग छात्रा की दोस्ती साथ में पढ़ने वाले एक नाबालिग लड़के से हुई। दोनों एक दूसरे से मिलते जुलते भी रहते थे। लेकिन, नाबालिग लड़के का तौर तरीका सही न लगने पर छात्रा के परिजन ने दोनों को बुलाकर डांटा और भविष्य में ना मिलने की हिदायत दी। छात्रा ने परिजन की बात को मानकर लड़के से मिलना जुलना बंद कर दिया, लेकिन एकतरफा प्यार में पागल नाबालिग लड़के ने इसके बाद छात्रा को परेशान करना शुरु कर दिया।
सनकी नाबालिग ने छात्रा के घर पर फैंका पेट्रोल बम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात भी नाबालिग आरोपी छात्रा से मिलने उसके घर पहुंच गया, जहां वो जबरदस्ती नाबालिग छात्रा को अपने साथ गाड़ी पर बैठाकर घुमाने ले जाने की जिद पर अड़ गया। जब नाबालिग छात्रा ने इसका विरोध किया तो वो उसे धमकी देते हुए बोला कि, 'आज ही तुझे इसका ट्रेलर देखना पड़ेगा।' लिहाजा धमकी देकर वो नाबालिग छात्रा के घर से चला गया। इसी दौरान आधी रात को अचानक छात्रा के घर किसी ने पेट्रोल बम फेंक दिया। धमाके की आवाज के साथ घर में अचानक आग लगने से घर वाले घबराकर बाहर निकल आए, लेकिन यहां उन्होंने देखा कि, उनके घर पर पेट्रोल बम फैंकने वाला कोई और नहीं, बल्कि वहीं सनकी नाबालिग आशिक है। घर वालों को एक साथ घर से बाहर निकलते देख नाबालिग आरोपी मौके से भाग निकला। हालांकि, इस दौरान भी आरोपी ये कहते हुआ भागा कि, अभी बदला पूरा नहीं हुआ।
आरोपी गिरफ्तार
सनकी नाबालिग द्वारा की गई इस करतूत के बाद नाबालिग छात्रा का पूरा परिवार रातभर डरा सहमा रहा। सुबह घर के सभी लोग छात्रा के साथ थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। फिलहाल, पुलिस ने जांच के आधार पर पॉक्सो एक्ट के साथ साथ अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, आगे की जांच भी शुरु कर दी गई है।
Published on:
28 Feb 2023, 6:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.