
भितरवार (डबरा)/ग्वालियर। ग्राम पंचायत कैरुआ में गुरुवार एक युवक की मोटर सही करने के एवज में हुए चंदे के 100 रुपए मांगने पर हत्या कर दी गई। मृतक ने ग्रामीणों के कहने पर नलजल योजना की खराब पड़ी मोटर अपने पैसे से सही कराई थी।
यह भी पढ़ें : डॉक्टर की अभद्रता के खिलाफ सड़कों पर उतरी महिलाएं
गांववालों द्वारा तय चंदे की राशि मांगी तो गांव के एक युवक ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से उसे गोली मार दी। मोटर आठ दिन से खराब थी। इसे दुरुस्त कराने का जिम्मा गांव के ही बृजेन्द्र सिंह परमार (36) पुत्र रतन सिंह ने लिया। ग्रामीणों ने सभी की सहमति से बृजेन्द्र सिंह से कहा कि वह मोटर ठीक कराकर देगा लेकिन सबको प्रति परिवार 100 रुपए चंदा उसे दिया जाए। इस पर बृजेन्द्र ने पांच हजार रुपए खर्च कर मोटर ठीक कराने के बाद गांव में पेयजल का प्रबंध कर दिया।
गुरुवार रात जब बिजली आई तो बृजेन्द्र ने मोटर चालू कर दी। इसके बाद वह गांव में यह देखने निकल गया कि किस घर में पानी नहीं आ रहा है। इसी दौरान वह सुशील भार्गव के मकान के पास पहुंचा तो उसने सुशील से कहा कि अन्य लोगों ने मोटर ठीक कराने के 100 रुपए दे दिए हैं तुम भी दे दो।
इस बात पर सुशील और बृजेन्द्र के बीच मुंहवाद होने लगा। बात बढऩे से पहले ही बृजेन्द्र के परिजन पहुंच गए और बृजेन्द्र को समझा-बुझाकर घर ले जाने लगे। बृजेन्द्र और उसका परिवार मौके से जाने लगा तभी सुशील घर के अंदर से अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल लाया और पीछे से बृजेन्द्र पर एक के बाद एक दो गोलियां चला दीं जो बृजेन्द्र को लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
Published on:
28 Apr 2018, 3:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.