
OLX iPhone buying scam: ग्वालियर में आईफोन लेकर फरार हुआ ठग (फोटो सोर्स-Chatgpt)
OLX iPhone buying scam: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक को अपने मोबाइल को बेचने के लिए उसका विज्ञापन डालना महंगा पड़ गया। इंजीनियरिंग छात्र ने OLX नाम की वेबसाइट पर आइफोन बेचने का विज्ञापन डाला था। ग्राहक बनकर आए एक युवक ने मोबाइल देखने के बहाने फोन लिया और भाग निकला। छात्र और उसका दोस्त काफी देर तक अपने स्तर पर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन सुराग नहीं मिलने पर पुलिस से शिकायत की। पुलिस मामले की जांच में जुट चुकी है।
सचिन धाकड़ ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से मुरैना का रहने वाला है और ग्वालियर के एक निजी कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। वह शब्दप्रताप आश्रम क्षेत्र में किराए के मकान में रहता है। उसका सहपाठी गौरव धाकड़ निवासी शिवपुरी आइफोन 12 प्रो मैक्स (iPhone 12 Pro Max) बेचना चाहता था। दोस्त का फोन बिकवाने के लिए सचिन ने ओएलएक्स पर विज्ञापन डाला था।
विज्ञापन देखकर एक युवक ने सचिन को फोन किया और मोबाइल खरीदने के लिए फूलबाग स्थित एक रेस्टोरेंट में मिलने बुलाया। सचिन अपने दोस्त गौरव के साथ मोबाइल लेकर वहां पहुंच गया। कुछ देर बातचीत और चाय-कॉफी के बाद युवक ने फोन चेक करने के लिए मांगा। मोबाइल हाथ में आते ही वह लेकर तेजी से भाग गया। दोनों दोस्तों ने उसका पीछा करने और तलाशने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। खरीददार के रूप में आया ठग आईफोन लेकर इतना तेजी से रफूचक्कर हो गया कि किसी के हाथ न आया।
इसके बाद दोनों दोस्त पड़ाव थाने में शिकायत करने पहुंचे। एसआइ संतोष सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों दोस्तों की शिकायत पर मामले में बदमाश की तलाश की जा रही है। रेस्टोरेंट और आसपास के बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द से जल्द बदमाश को पकड़ा जाएगा और कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस मामले में और भी एंगल से तलाश करेगी।
Updated on:
10 Oct 2026 09:01 am
Published on:
10 Oct 2026 09:01 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
