पैसों के लालच में लाश का इलाज करने का आरोप
पैसों के लालच में मृतक का इलाज करने का आरोप ग्वालियर के सुविधा अस्पताल पर लगा है। दरअसल मंगलवार को डबरा के रहने वाले चंद्रभान सेन नाम के व्यक्ति का एक्सीडेंट हो गया था। घटनास्थल से उन्हें 108 एंबुलेंस डबरा सुविधा अस्पताल ले गई। चंद्रभान के परिजन सौरभ सेन ने बताया कि एक्सीडेंट के बाद जब एंबुलेंस चंद्रभान को लेकर सुविधा अस्पताल पहुंची तो उन्हें भी अस्पताल पहुंचने के लिए कहा गया। सौरभ ने बताया कि एंबुलेंस के ड्राइवर ने फोन कर कहा था कि चंद्रभान को सुविधा अस्पताल ले आए हैं, उनका इलाज चालू हो गया है। जिसके कारण वो परिवार के साथ सुविधा अस्पताल आ गए। यहां अस्पताल स्टाफ ने चंद्रभान से नहीं मिलने दिया। उनकी हालत नाजुक बताकर तीन बार पैसा जमा करा लिए। रात को ऑपरेशन का हवाला देकर 35 हजार रुपए और लिए और फिर रात 3 बजे चंद्रभान को मृत बता दिया।