घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात 20 से 25 की संख्या में आए नक्सलियों ने नहर निर्माण कर रहे सभी मजदूरों को एक कमरे में बंद कर दिया और उसके बाद साइट पर मौजूद सभी सामान में आग लगा दी। बताया गया है कि बक्सा नदी पर नहर बनने का काम चल रहा है, जिसका काम लॉट्स इन्फ्रा नामक कंपनी करवा रही है, इस कंपनी का बेलाटांड में बेस कैंप था, जहां नहर का कार्य चल रहा था। मिली जानकारी के अनुसार इस पूरी घटना के पीछे लेवी की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि यह किस नक्सली संगठन का काम है, इसका पता नहीं चल सका है। न ही घटना स्थल पर किसी प्रकार का पोस्टर मिला है और न ही अब तक किसी नक्सली संगठन ने घटना की जिम्मेवारी ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।