हॉलीवुड की अदाकारा और पॉप सिंगर पेरिस हिल्टन ने एक क्लब में डांस करते समय अपनी 20 लाख डॉलर की सगाई की अंगूठी खो दी। हालांकि, बाद में उनके मंगेतर ने उनकी अंगूठी को ढूंढ निकाला। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पेरिस हाथ हिलाकर नाच रही थीं और अगले ही मिनट उनकी बड़ी-सी अंगूठी गिर गई। वह बेहद घबरा गईं क्योंकि क्लब पूरी तरह भरा था और वहां बेहद अंधेरा था। उनके मंगेतर ने नाइट क्लब के वीआईपी सेक्शन में अंगूठी की तलाश की। आखिरकार एक आइस बकेट में उन्हें अंगूठी मिल गई। अंगूठी ढूंढे जाने के दौरान हिल्टन की आंखों से आंसू बह रहे थे, और वह नर्वस थीं।
पेरिस ने बाद में इस घटना की पुष्टि करते हुए इसे जीवन के सबसे डरावने क्षणों में से एक बताया। उन्होंने कहा, 'अंगूठी बहुत भारी और बड़ी थी और जब मैं डांस कर रही थी तो यह मेरी ऊंगली से निकलकर कर एक आइस बकेट में जा गिरी। भगवान का शुक्र है कि किसी और को यह अंगूठी मिलने से पहले मेरे मंगेतर को यह मिल गई। मैं भाग्यशाली हूं। भगवान की शुक्रगुजार हूं, मेरे कर्म अच्छे हैं।'