1 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

चाय के साथ एंजॉय करें चावल के पापड़

चाय के साथ अगर आप भी पापड़ खाने के शौकीन हैं तो चावल के पापड़ इसके लिए बेस्ट हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

Amanpreet Kaur

•

Updated: 6 Jul 2018, 4:11 PM IST

rice papad

rice papad

चाय के साथ अगर आप भी पापड़ खाने के शौकीन हैं तो चावल के पापड़ इसके लिए बेस्ट हैं। इनमें मिर्च नहीं होती इसलिए चाय के साथ इसे खाया जा सकता है। इसे बनाना बहुत ही आसान है, हालांकि इसमें आपकी पूरे दिन की मेहनत भी लग सकती है। एक बार में बहुत सारे पापड़ बनार कर पैक करके रखे जा सकते हैं और फिर इसे साल भर तक जब दिल चाहे तल कर खाया जा सकता है। यहां पढ़ें चावल के पापड़ की रेसिपी -

सामग्री -

चावल का आटा- 1 कप
तेल- 1 से 2 टेबल स्पून
नमक- ½ छोटी चम्मच
जीरा- 1/4 छोटी चम्मच
तेल- पापड़ तलने के लिए

विधि -

चावल के आटे का घोल बनाइए

किसी बड़े प्याले में चावल का आटा लीजिए। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गुठलियां खत्म होने तक घोल लीजिए। गुठलियां खत्म होने के बाद, इसका पतला घोल बना लीजिए। 1 कप चावल के आटे का घोल बनाने में कुल 2 कप पानी का उपयोग हुआ है। घोल में जीरा और नमक डालकर मिक्स कर दीजिए और इसको 10 मिनिट के लिए ढककर रख दीजिए।

पापड़ भाप में पकाइए

किसी बर्तन में 2 कप पानी डालिए और बर्तन को ढककर पानी उबलने रख दीजिए। पानी में उबाल आने पर चावल के पापड़ को भाप में पकाने के लिए ऎसी प्लेट लीजिए जो उस बर्तन पर आसानी से आ जाए। इस प्लेट को चारों तरफ थोड़े से तेल से चिकना कर लीजिए। घोल को चमचे से चलाइए और प्लेट में 1 से 1.5 चमचा घोल डालकर एक जैसा फैला लीजिए। फिर, इस प्लेट को उबलते हुए पानी के बर्तन के ऊपर रख दीजिए और किसी ढक्कन से प्लेट को ढक दीजिए तथा पापड़ को 2 मिनिट तक भाप में पकने दीजिए। इस दौरान, गैस मध्यम रखिए जिससे पानी में भाप बनती रहे।

2 मिनिट बाद, ढक्कन हटाकर पापड़ चैक कीजिए। पापड़ के रंग में हल्का सा बदलाव आ गया है, पापड़ भाप में सिक गया है। प्लेट को चिमटे की सहायता से बर्तन से उतार लीजिए और पापड़ को थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए।

पापड़ पॉलीथीन शीट पर सुखाइए

पापड़ को सुखाने के लिए, एक कपड़ा बिछाकर उस पर पॉलीथीन की शीट बिछा लीजिए। पापड़ के किनारों को चाकू की मदद से प्लेट से अलग कीजिए और फिर पापड़ को आसानी से हाथ से प्लेट पर से हटाकर पॉलीथीन शीट पर डाल दीजिए।

इसी तरह सारे पापड़ भाप में पकाकर सूखने के लिए डाल दीजिए। एक पापड़ 2 से 3 मिनिट के अंदर भाप में पक जाता है। 1 कप चावल के आटे से 12 पापड़ बनकर तैयार हो जाते हैं।

पापड़ धूप में सुखाइए
सारे पापड़ बनाने के बाद, पापड़ को सूखने के लिए धूप में रख दीजिए। प्रत्येक 2 घंटे बाद, पापड़ को पलट दीजिए। पापड़ को 1 से 2 दिन तक ऎसे ही धूप में सुखाइए।

पापड़ तलिए

कढ़ाही में तेल डालकर गरम कीजिए। अच्छे गरम तेल में एक-एक पापड़ डालकर पलट-पलटकर फ्राय कर लीजिए और प्लेट में निकालकर रख लीजिए। चावल के क्रिस्पी और टेस्टी पापड़ को चाय, कॉंफी के साथ स्नैक्स की तरह सर्व कीजिए।

अगर आप भी खाना बनाने के शौकीन हैं और कुछ ऐसी डिशेज बनाते हैं जिन पर आपको हर बार तारीफें मिलती हैं तो अब हम आपको अपनी इस कला के प्रदर्शन के लिए प्लैटफॉर्म देने जा रहे हैं। आप अपनी खास रेसिपीज पत्रिका डॉट कॉम के साथ शेयर कर सकते हैं। कंमेंट बॉक्स में अपनी रेसिपी हमें लिख भेजें। आप अपनी रेसिपी का वीडियो भी हमारे साथ शेयर कर सकते हैं। चुनिंदा रेसिपीज को पत्रिका डॉट कॉम पर फीचर भी किया जाएगा। तो देर किस बात की, लिख भेजिए हमें अपनी स्पेशल रेसिपी।