
इंदौर. इंदौर में पुलिस ने प्रेमी प्रेमिका की लुटेरी जोड़ी को गिरफ्तार किया है। वारदात में उनका 14 साल का नाबालिग भतीजा भी उनका साथ देता था जिसे भी पुलिस ने पकड़ा है। प्रेमी-प्रेमिका की लुटेरी जोड़ी ने बीते दिनों एक दंपत्ति के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था और तभी से पुलिस इनकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का माल बरामद कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हुई है उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ में और भी वारदातों का खुलासा हो सकता है।
प्रेमी-प्रेमिका की लुटेरी जोड़ी
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 16 जुलाई को सुखालिया के रहने वाले आशीष सर्राफ अपनी पत्नी के साथ राजबाड़ा स्थित बाजार में जेवरात खरीदने के लिए आए थे। वापस लौटते वक्त बाइक पर आए युवक-युवती ने उनसे उनका बैग लूट लिया था। पुलिस को तफ्तीश के दौरान घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला था जिसके आधार पर पुलिस प्रेमी-प्रेमिका की इस लुटेरी जोड़ी तक पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान अमजद उर्फ छोटू के तौर हुई थी जिसे गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उसकी प्रेमिका व नाबालिग भतीजे को भी गिरफ्तार किया गया है जो कि वारदात में शामिल थे। आरोपियों से लूट का माल बरामद कर लिया गया है।
रेकी कर एक्सीडेंट के बहाने करते थे लूट
पुलिस ने बताया कि प्रेमी-प्रेमिका की लुटेरी जोड़ी एक्सीडेंट का बहाना बनाकर वारदात को अंजाम देते थे वो घटना से पहले पूरी रैकी करते थे। दंपति से लूटे गए करीब ढाई लाख रुपए के जेवरात इनके पास से बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उम्मीद है कि पूछताछ में आरोपियों से और भी वारदातों का खुलासा हो सकता है।
Published on:
31 Jul 2022, 4:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.