
इंदौर. इंदौर में पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े का फायदा उठाकर दो लोगों ने ऐसा शातिर खेल खेला जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। आरोपियों ने महिला को भरोसे में लेकर उसके वीडियो बना लिए और फिर खुद को पत्रकार बताकर उसके पति को ब्लैकमेल करने लगे। आरोपियों की धमकियों से परेशान होकर पति ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई। जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है।
ये है पूरा मामला
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शहर के भागीरथपुरा में रहने वाले निशांत कुमार (बदला हुआ नाम) ने पुलिस में आशीष चौहान व राकेश परमार नाम के दो लोगों पर ब्लैकमेल कर पैसे मांगने के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पीड़ित निशांत का कहना है उनका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा है और दोनों आरोपियों ने उसकी पत्नी के साथ मिलकर उसे फंसाने की साजिश रची है। उन्होंने बातों मे फंसाकर पत्नी का एक वीडियो बनाया है और एक दूसरी महिला से भी मिलकर वीडियो बनाया है जिसमें महिला उसे अपना प्रेमी बता रही है। जबकि वो उस महिला को पहचानता तक नहीं है। पीड़ित निशांत कुमार (बदला हुआ नाम) ने बताया कि आरोपी आशीष व राकेश दोनों की खुद को पत्रकार बताते हैं और धमकी दे रहे हैं कि अगर उन्हें 50 हजार रुपए नहीं दिए तो वो पत्नी व महिला के साथ मिलकर बनाया वीडियो यू-ट्यूब चैनल पर चला देंगे और खबर बनाकर अखबार में छाप देंगे।
पत्नी व महिला से पुलिस ने की पूछताछ
वहीं जब इस मामले में पुलिस ने पीड़ित निशांत कुमार (बदला हुआ नाम) की पत्नी व वीडियो में खुद को निशांत की प्रेमिका बताने वाली महिला से पूछताछ की तो दोनों ने ही आशीष और राकेश के नाम पुलिस को बताए हैं। इतना ही नहीं दूसरी महिला ने तो पुलिस को एक पेन ड्राइव भी दी है जिसमें राकेश और आशीष दोनों ही महिला को निशांत को ब्लैकमेल करने के लिए उकरा रहे हैं। जांच के दौरान ये भी जानकारी मिली है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ करीब एक साल पहले भी एक महिला ने लाखों रुपए ऐंठने के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
Updated on:
9 Aug 2022, 3:49 PM IST
Published on:
9 Aug 2022, 3:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.