
इंदौर. प्रेमी के साथ अपना घर बसाने के लिए एक युवती ने अपने ही रिश्तेदार के घर को निशाना बना डाला। प्रेमी के साथ भागने से पहले युवती रिश्तेदार के घर पहुंची और लाख रुपए से ज्यादा की ज्वेलरी और कैश लेकर फरार हो गई। जब घर से जेवरात गायब होने का पता चला तो महिला ने युवती को कॉल लगाया। जिस पर युवती ने कहा कि उसे प्रेमी से शादी करनी है और घरवाले उसकी कहीं और शादी तय कर रहे हैं उसे अभी पैसों व ज्वेलरी की जरुरत है वक्त आने पर वापस कर देगी और फोन बंद कर दिया। जिसके बाद पीड़ित महिला पुलिस थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई ।
अपना घर बसाने रिश्तेदार के घर चोरी
मामला इंदौर शहर के परदेशीपुरा इलाके का है जहां रहने वाली एक महिला ने अपनी रिश्तेदार युवती के खिलाफ घर में चोरी करने की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत दर्ज कराते हुए महिला ने बताया कि 18 जनवरी के दिन उसकी रिश्तेदार अंजली घर पर आई थी। वो कसरावद की रहने वाली है और अगले दिन बिना किसी को बताए अंजली घर से चली गई। बाद में देखा तो घर से 1 लाख 80 हजार कैश और करीब 1 लाख 20 हजार रुपए की ज्वेलरी गायब थी। उन्होंने तुरंत अंजली को फोन लगाया तो अंजली ने कहा कि वो अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है लेकिन घरवाले उसकी शादी कहीं और करा रहे हैं इसलिए वो प्रेमी के साथ भाग गई है। ज्वेलरी और कैश को लेकर उसने कहा कि उसे अभी इनकी जरूरत है वक्त आने पर वापस कर देगी और फोन बंद कर लिया। उसके प्रेमी अंकित पटेल का फोन भी बंद जा रहा है।
घर वाले कहीं और कर रहे थे शादी
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि अंजली पहले इंदौर में ही उसके प्रेमी अंकित पटेल के साथ लिव इन में रहती थी लेकिन जब इस बात का पता अंजली के घरवालों को चला तो उन्होंने उसे वापस बुला लिया। अब वो अंजली की शादी कहीं और तय करने वाले थे। जब वो घर पर आई तो उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अंजली के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरु कर दी है।
देखें वीडियो- पतंग लूटने के चक्कर में दलदल में फंसा बच्चा
Published on:
24 Jan 2023 08:08 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
