4 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पत्रिका की खबर के बाद जागा प्रशासन, कालाकुंड में रोका गया एडवेंचर एंड म्यूजिक फेस्टिवल

DJ Night Festival : पत्रिका में खबर छपी तो कालाकुंड पहुंचा प्रशासन, बिना अनुमति फेस्टिवल पर की गई कार्रवाई। डीजे और लाइटिंग भी जब्त की गई। अवैध बिजली कनेक्शन काटकर बनाया पंचनामा।
3 min read
Google source verification
DJ Night Festival

जंगल में प्रशासन का एक्शन (फोटो सोर्स: Patrika)

Indore News :मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के अंतर्गत आने वाले डॉ. आंबेडकर नगर (महू) कालाकुंड के जंगल में बिना अनुमति एडवेंचर एंड म्यूजिक फेस्टिवल कराने की तैयारी पर ‘पत्रिका’ में खबर प्रकाशित होने के बाद आखिरकार प्रशासन और पुलिस ने शिकंजा कस दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आयोजन का पंचनामा बनाया और वन्य क्षेत्र में लगाया गया डीजे सिस्टम व लाइटिंग का सामान जब्त कराया। आयोजन स्थल पर बिजली के अवैध कनेक्शन से आपूर्ति लिए जाने की जानकारी सामने आने के बाद बिजली कंपनी के अमले को बुलाकर कनेक्शन भी काट दिया गया।

एसडीएम राकेश परमार, नायब तहसीलदार यशदीप रावत और सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री शनिवार दोपहर कालाकुंड के समीप ग्राम गुंजारा पहुंचे। यहां 2 से 4 अक्टूबर तक एडवेंचर एंड म्यूजिक फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा था। अधिकारियों को आयोजन से संबंधित वैध अनुमति नहीं मिली। इसके बाद डीजे सिस्टम और लाइटिंग का सामान जब्त कराया गया। बिजली कनेक्शन की जांच में भी अनियमितता सामने आने पर पंचनामा बनाया गया।

300 से ज्यादा सैलानी पहुंचे, आयोजन रुकने पर मांगा पैसा

सोशल मीडिया पर प्रचार और टिकट बुकिंग के जरिए 300 से अधिक सैलानियों को फेस्टिवल में बुलाया गया था। कैंपिंग, डीजे नाइट, लाइव म्यूजिक, नाइट ट्रैकिंग और रिवर क्रॉसिंग जैसी गतिविधियों का प्रचार किया गया था। प्रशासन के अनुसार आयोजन के लिए वैध अनुमति नहीं थी। कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुंचे सैलानियों ने आयोजकों से टिकट की राशि वापस मांगी। कुछ सैलानियों को राशि लौटाए जाने की जानकारी है, जबकि कुछ को दो दिन में रिफंड देने का आश्वासन दिया गया। प्रशासन के अनुसार मौके पर सैलानियों के ठहरने की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं थी। इसके बाद आयोजक की ओर से बसों और निजी वाहनों के जरिए सैलानियों को वापस भेजने की व्यवस्था की गई।

डीजे से लेकर नाइट ट्रैकिंग तक… बिना अनुमति पर रोक

फेस्टिवल के लिए जंगल क्षेत्र में डीजे नाइट, नाइट ट्रैकिंग, नदी में गतिविधियों सहित कई कार्यक्रमों की योजना बनाई गई थी। वन विभाग ने भी आयोजकों को वन क्षेत्र में बिना अनुमति किसी तरह की गतिविधि नहीं करने की हिदायत दी थी। चोरल वन क्षेत्र के रेंजर सचिन वर्मा ने बताया कि आयोजन निजी भूमि पर किया जा रहा था, लेकिन वन क्षेत्र में नाइट ट्रैकिंग, नदी में घूमने सहित अन्य गतिविधियों के लिए संबंधित विभाग की अनुमति जरूरी थी।

अवैध बिजली कनेक्शन पर भी कार्रवाई

आयोजन स्थल पर लगी लाइटों के कनेक्शन की जांच के लिए बिजली कंपनी के कर्मचारियों को बुलाया गया। जांच में कनेक्शन अवैध पाए जाने पर पंचनामा बनाया गया और कनेक्शन काट दिया गया। सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बिजली कंपनी की ओर से बिना अनुमति कनेक्शन जोडऩे के संबंध में प्रकरण दर्ज कराया जाता है तो उसके आधार पर आगे उचित कार्रवाई की जाएगी।

‘पत्रिका’ ने उठाए थे सवाल, प्रशासन ने लिया संज्ञान

कालाकुंड के जंगल में बिना अनुमति तीन दिन के आयोजन, डीजे नाइट, नाइट ट्रैकिंग और बड़ी संख्या में सैलानियों को बुलाने को लेकर ‘पत्रिका’ ने खबर प्रकाशित कर सवाल उठाए थे। खबर के बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई की। डीजे व लाइटिंग सिस्टम जब्त करने, बिजली कनेक्शन काटने और पंचनामा बनाने की कार्रवाई के बाद बिना अनुमति जंगल में ऐसी गतिविधियां कराने वालों पर प्रशासन ने कार्रवाई का संदेश दिया है।