
,,,,
इंदौर. इंदौर के राऊ इलाके में रविवार को एक घर से पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पत्नी का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था जबकि पति का शव पास ही फांसी के फंदे पर झूल रहा था। पड़ोस के लोगों ने जब खिड़की से झांककर देखा तो शव नजर आया जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस घर पहुंची तो देखा कि घर के किचिन की दीवार पर सुसाइड नोट लिखा हुआ था। जिसमें माता पिता की गलती के कारण जान देने की बात लिखी हुई है। मृतक दंपति एक दिन पहले ही इलाके में रहने आए थे।
5 साल पहले की थी लव मैरिज
राऊ थाना टीआई नरेन्द्र रघुवंशी ने बताया कि घटना बड़े बाजार इलाके की है। दोपहर को पति-पत्नी के शव घर में मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो देखा कि पत्नी का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था और पति का शव फंदे पर लटका हुआ था। मृतकों की शिनाख्त पति संजय पटेल और पत्नी मोहिनी के तौर पर हुई है। घर के किचिन की दीवार पर हल्दी से सुसाइड नोट लिखा मिला है जिसमें माता-पिता की गलती के कारण सुसाइड करने की बात लिखी है। साथ ही लिखा है कि इसमें उसकी भाभी की कोई गलती नही है। वह अपनी मर्जी से जान दे रहे हैं। जांच में पता चला है कि संजय और मोहिनी ने करीब 5 साल पहले लव मैरिज की थी और उनकी एक 3 साल की बेटी भी है जिसे माता-पिता ने उसके मामा के घर भेज दिया था।
एक दिन पहले ही रहने आए थे
जांच में पता चला है कि संजय और मोहिनी पहले खजराना इलाके में रहते थे वो एक दिन पहले ही बड़े बाजार इलाके में रहने के लिए आए थे। घटना का पता उस वक्त चला जब किसी पड़ोसी ने घर का दरवाजा खटखटाया लेकिन काफी देर तक खटखटाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने खिड़की से झांककर देखा तो पति फंदे पर लटका दिखा। सुसाइड नोट किसने लिखा है इस बात का भी पुलिस पता लगा रही है इसलिए दोनों के फिंगर प्रिंट्स भी लिए गए हैं और घटनास्थल का एफएसल टीम ने भी निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
Published on:
4 Sep 2022, 6:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.